देहरादून। परेड ग्राउंड में आयोजित तीन दिवसीय आर्किटेक्स–द आर्किटेक्चरल एक्सपो का रविवार को समापन हुआ। अंतिम दिन पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। उनके आगमन पर पारंपरिक गढ़वाल बैंड और जुन्याली ग्रुप ने सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर स्वागत किया। आयोजकों की ओर से उन्हें स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
एक्सपो के अंतिम दिन विशेष पैनल चर्चा का आयोजन किया गया, जिसमें वास्तुकला, इंटीरियर डिजाइन, भवन निर्माण और एमएसएमई क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों ने विभिन्न विषयों पर विचार साझा किए। चर्चा का संचालन आरजे कुमार गौरव भट्ट ने किया। पैनल में प्रेम सिंह खिमाल, आशीष अरोड़ा, सुनील बिष्ट, एसएन प्रजापति, मनोज कुमार, पंकज करगेती और रितेश सिंह शामिल रहे।
विशेषज्ञों ने उत्तराखंड में निर्माण और डिजाइन क्षेत्र में उभर रही संभावनाओं पर चर्चा करते हुए कहा कि स्थानीय उद्यमों को बढ़ावा देने के साथ आधुनिक तकनीकों को अपनाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि वास्तुकला और निर्माण क्षेत्र में हो रहे बदलाव युवाओं और नए उद्यमियों के लिए रोजगार एवं कारोबार के अवसर पैदा कर सकते हैं। ऐसे आयोजन उद्योग से जुड़े लोगों को एक मंच पर लाकर संवाद, नवाचार और आपसी सहयोग की संभावनाएं बढ़ाते हैं।
पैनल चर्चा में भविष्य में इस तरह के आयोजनों को नियमित रूप से आयोजित करने पर भी जोर दिया गया। वक्ताओं का कहना था कि इससे आर्किटेक्ट्स, डिजाइनर्स, बिल्डर्स, विद्यार्थियों और उद्यमियों को नई तकनीकों और बाजार की बदलती जरूरतों को समझने का अवसर मिलता है।
मुख्य अतिथि त्रिवेंद्र सिंह रावत ने एक्सपो में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रदर्शित उत्पादों, निर्माण तकनीकों और नए प्रयोगों की जानकारी ली। रावत ने कहा कि इस तरह के आयोजन प्रदेश में उद्यमिता, निवेश और रोजगार के नए अवसर तैयार करने में मददगार हो सकते हैं।
तीन दिनों तक चले एक्सपो में बड़ी संख्या में आर्किटेक्ट्स, डिजाइनर्स, बिल्डर्स, उद्यमियों, विद्यार्थियों और आम लोगों ने हिस्सा लिया। अंतिम दिन भी प्रदर्शनी में लोगों की अच्छी मौजूदगी रही।
