
बनबसा। पर्यटन, सिंचाई एवं लोक निर्माण मंत्री सतपाल महाराज ने रविवार को भारत-नेपाल सीमा पर चल रही महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने भारतमाला परियोजना के तहत बन रहे ड्राई पोर्ट, चार लेन सड़क और बनबसा एकीकृत चेक पोस्ट के निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
महाराज ने भारतमाला परियोजना के अंतर्गत 246.86 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग-09 (पुराना एएच-125) सीतारगंज-टनकपुर मार्ग का निरीक्षण किया। जगबुड़ा पुल के समीप से बनबसा स्थित भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा चेक पोस्ट तक करीब 40 किलोमीटर की चार लेन कनेक्टिविटी विकसित की जा रही है। इसके साथ ही 368.28 करोड़ रुपये की लागत से बनबसा एकीकृत चेक पोस्ट परियोजना पर भी काम चल रहा है।

निरीक्षण के दौरान महाराज ने ड्राई पोर्ट परियोजना की प्रगति की भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि भारत-नेपाल सीमा पर विकसित होने वाला यह ड्राई पोर्ट दोनों देशों के बीच व्यापारिक गतिविधियों को नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। इससे आयात-निर्यात की प्रक्रिया को अधिक सुगम बनाने के साथ सीमांत क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
महाराज ने कहा कि बनबसा-दोधारा चांदनी क्षेत्र में विकसित होने वाला ड्राई पोर्ट भारत और नेपाल के बीच व्यापार, आवागमन और आर्थिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। बेहतर सड़क और सीमा अवसंरचना तैयार होने से व्यापारियों तथा आम लोगों को भी सुविधा मिलेगी।
उन्होंने अधिकारियों से परियोजनाओं में गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं करने और निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।
