देहरादून। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने दिनेश आर्य को उत्तराखंड से राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने पर केंद्रीय नेतृत्व का आभार जताया है। उन्होंने आर्य को बधाई देते हुए कहा कि उनके चयन ने एक बार फिर यह संदेश दिया है कि भाजपा में जमीनी स्तर पर काम करने वाले सामान्य कार्यकर्ता की निष्ठा और समर्पण को महत्व दिया जाता है।
भट्ट ने कहा कि पार्टी का यह निर्णय कार्यकर्ताओं के साथ-साथ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों के सम्मान की उसकी प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने समय-समय पर संगठन के सामान्य कार्यकर्ताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां देकर यह साबित किया है कि पार्टी में पद और सम्मान केवल राजनीतिक हैसियत तक सीमित नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि दिनेश आर्य लंबे समय से पार्टी संगठन में सक्रिय रहे हैं और विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन कर चुके हैं। उनके अनुसार, आर्य की पहचान एक कर्मठ और संघर्षशील कार्यकर्ता के साथ-साथ जनसुलभ एवं संवेदनशील जनप्रतिनिधि के रूप में रही है। भट्ट ने उम्मीद जताई कि संगठन और सार्वजनिक जीवन का उनका अनुभव राज्यसभा में उत्तराखंड के लिए उपयोगी साबित होगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राज्यसभा पहुंचने के बाद आर्य प्रदेश के विकास, क्षेत्रीय समस्याओं और जनकल्याण से जुड़े मुद्दों को संसद के उच्च सदन में प्रभावी ढंग से उठाएंगे। इससे उत्तराखंड की विभिन्न आवश्यकताओं को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से रखने का अवसर मिलेगा।
भट्ट ने राज्यसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार की जीत का दावा करते हुए कांग्रेस से भी समर्थन की अपील की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपनी कथित जातिवादी राजनीति के लिए प्रायश्चित करते हुए भाजपा उम्मीदवार के पक्ष में समर्थन करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि आर्य का चयन विपक्ष के लिए भले ही चौंकाने वाला हो, लेकिन भाजपा के लिए यह उसके संगठनात्मक मूल्यों और सामान्य कार्यकर्ताओं को सम्मान देने की नीति का हिस्सा है।
