समाधान दिवस में उमड़ी फरियादियों की भीड़, 140 से ज्यादा शिकायतों पर डीएम सख्त

देहरादून। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में जन समाधान दिवस आयोजित किया गया। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। समाधान दिवस में 140 से अधिक शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें भूमि विवाद, अतिक्रमण, आपसी विवाद, पारिवारिक उत्पीड़न, आर्थिक सहायता, मुआवजा, भूमि पैमाइश और अवैध निर्माण से जुड़े मामले प्रमुख रहे।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का नियमानुसार, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकरण में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और शिकायत पर की गई कार्रवाई की जानकारी संबंधित व्यक्ति को भी दी जाए।

समाधान दिवस में 73 वर्षीय रामप्यारी गोदियाल ने पुत्रवधू और पौत्र पर कथित रूप से दुर्व्यवहार, गाली-गलौज, मारपीट और मकान अपने नाम करने के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने सुरक्षा और कानूनी कार्रवाई की मांग की। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को मामले में नियमानुसार कार्रवाई करने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

ईस्ट होपटाउन, विकासनगर के भूमि धारकों ने मकान और भूमि के मुआवजे का भुगतान लंबित होने की शिकायत की। उनका कहना था कि फरवरी 2026 में आवश्यक दस्तावेज जमा कराने के बावजूद भुगतान नहीं हुआ है। डीएम ने विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

राजपुर की वृद्ध विधवा यशोदा देवी ने पुत्र-पुत्रवधू पर कथित मानसिक एवं शारीरिक उत्पीड़न और धमकी देने की शिकायत की। डीएम ने मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई के साथ पुलिस को सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

वहीं, संजय कालरा ने कोल्हूपानी स्थित भूमि की पैमाइश और सीमांकन लंबित होने की शिकायत की। इस पर तहसीलदार विकासनगर को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

दून डिवाइन आवासीय सोसायटी के निवासियों ने धोरणखास में निर्माणाधीन बहुमंजिला भवन को लेकर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने निर्माण से सुरक्षा और वेंटिलेशन प्रभावित होने की बात कही। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.