शंघाई में उत्तराखंड का जलवा, सानिया-पार्थ ने भारत के लिए जीते रजत

देहरादून। चीन के शंघाई में 22 से 27 सितंबर तक आयोजित 48वीं वर्ल्डस्किल्स प्रतियोगिता-2026 में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए छह रजत पदक और 20 मेडलियन फॉर एक्सीलेंस हासिल किए। भारत ने प्रतियोगिता की वैश्विक रैंकिंग में 10वां स्थान प्राप्त किया। आयोजकों और संबंधित विभाग के अनुसार, वर्ल्डस्किल्स प्रतियोगिता में यह भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।

भारत की इस उपलब्धि में उत्तराखंड के दो युवाओं ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। उत्तराखंड की सानिया जोशी ने Retail Sales और पार्थ वोहरा ने Industrial Design Technology कौशल में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत के लिए रजत पदक हासिल किया। दोनों की सफलता से प्रदेश में कौशल आधारित शिक्षा और प्रशिक्षण को लेकर युवाओं के लिए नई संभावनाएं भी सामने आई हैं।

सानिया और पार्थ की यह उपलब्धि सीधे वर्ल्डस्किल्स तक पहुंचने की कहानी नहीं है, बल्कि इसके पीछे लगातार प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं की लंबी प्रक्रिया रही है। दोनों प्रतिभागियों ने इंडिया स्किल्स 2025-26 की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता एवं चयन प्रक्रिया के जरिए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इसके बाद राष्ट्रीय स्तर पर चयनित होकर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंच तक का सफर तय किया।

कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग तथा उत्तराखंड कौशल विकास समिति (UKSDS) की ओर से प्रदेश के युवाओं को विभिन्न कौशल विधाओं में प्रतिभाग करने के अवसर उपलब्ध कराए गए। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं को अपनी तकनीकी दक्षता और व्यावहारिक कौशल को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का मंच मिला।

Retail Sales और Industrial Design Technology जैसे क्षेत्रों में उत्तराखंड के युवाओं का रजत पदक हासिल करना राज्य के कौशल विकास प्रयासों के लिए भी महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। प्रतियोगिता में देश के प्रदर्शन ने भारतीय प्रतिभाओं की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मौजूदगी को भी सामने रखा।

सानिया जोशी और पार्थ वोहरा की उपलब्धि से प्रदेश के उन युवाओं को भी प्रेरणा मिलेगी, जो पारंपरिक करियर विकल्पों के साथ कौशल आधारित क्षेत्रों में अपना भविष्य बनाना चाहते हैं।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.