देहरादून। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) से सोमवार को लोक भवन में अनुग्रह संस्था की अध्यक्ष आभा चौधरी ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने संस्था की ओर से वरिष्ठजनों के सशक्तीकरण और कल्याण के लिए किए जा रहे कार्यों के साथ आगामी योजनाओं की जानकारी राज्यपाल को दी।
आभा चौधरी ने बताया कि अनुग्रह संस्था सामाजिक एवं आर्थिक रूप से वंचित वर्गों के सशक्तीकरण और समग्र विकास के लिए कार्य कर रही है। संस्था विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण, सम्मान और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए विभिन्न गतिविधियां संचालित कर रही है।
राज्यपाल ने संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वरिष्ठजनों के सम्मान, स्वास्थ्य, सुरक्षा और बेहतर जीवन के लिए समाज के सभी वर्गों को मिलकर प्रयास करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि बदलते तकनीकी दौर में वरिष्ठ नागरिकों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का अधिक उपयोग किया जा सकता है। इससे वरिष्ठजन रोजमर्रा के कार्यों में तकनीक का इस्तेमाल कर अपनी क्षमता बढ़ा सकेंगे और दूसरों पर निर्भरता कम होगी।
उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के पास जीवन का लंबा अनुभव और महत्वपूर्ण ज्ञान होता है। इस अनुभव का लाभ नई पीढ़ी और समाज को मिलना चाहिए। इसके लिए वरिष्ठजनों को सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने के साथ उनकी रुचि और क्षमता के अनुरूप सार्थक कार्यों में भागीदारी के अवसर उपलब्ध कराने की आवश्यकता है।
राज्यपाल ने वरिष्ठ नागरिकों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित करने का सुझाव भी दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों में विश्वविद्यालयों, जिलाधिकारियों, पूर्व सैनिकों और सामाजिक संगठनों को जोड़ा जा सकता है।
उन्होंने वरिष्ठजनों के अनुभव और विशेषज्ञता को युवाओं तक पहुंचाने के लिए संवाद एवं मार्गदर्शन कार्यक्रमों पर विशेष जोर दिया। उनका कहना था कि पीढ़ियों के बीच संवाद बढ़ने से अनुभव और आधुनिक सोच के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सकता है।