पाकिस्तान में पेट्रोल पर ₹100 की राहत, किसे मिलेगा सीधा फायदा?

पाकिस्तान में लगातार बढ़ती पेट्रोल कीमतों के बीच प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने आम लोगों को राहत देने के लिए विशेष योजना शुरू करने का ऐलान किया है। सरकार के मुताबिक इस योजना के तहत मोटरसाइकिल, रिक्शा और 800 सीसी तक के छोटे वाहनों का इस्तेमाल करने वाले लोगों को पेट्रोल पर 100 रुपये प्रति लीटर की छूट दी जाएगी। सरकार का दावा है कि इसका उद्देश्य ईंधन की बढ़ती कीमतों से सबसे ज्यादा प्रभावित निम्न और मध्यम आय वर्ग को राहत पहुंचाना है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमत करीब 400 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गई है। ऐसे में रोजमर्रा के काम के लिए दोपहिया वाहन, रिक्शा या छोटे निजी वाहनों पर निर्भर लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा कि सरकार आम नागरिकों पर बढ़ते ईंधन खर्च का बोझ कम करने के लिए कदम उठा रही है।

हालांकि, योजना की पात्रता, लाभ लेने की प्रक्रिया और पेट्रोल पर छूट किस तरीके से लागू की जाएगी, इसे लेकर सरकार की ओर से विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है। इन पहलुओं पर आगे स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

वहीं, पेट्रोलियम उत्पादों की बढ़ती कीमतों को लेकर पाकिस्तान में विरोध भी तेज हो गया है। चकवाल में जिला बार एसोसिएशन के आह्वान पर वकीलों ने अदालतों की कार्यवाही का बहिष्कार किया और सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पेट्रोलियम कीमतों में की गई बढ़ोतरी को तत्काल वापस लेने की मांग की।

वकीलों का कहना है कि पहले से महंगाई की मार झेल रही जनता पर लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों ने अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल दिया है। उनका कहना है कि जब तक आम लोगों को राहत नहीं मिलती, तब तक विरोध जारी रखा जाएगा। इस तरह सरकार की राहत योजना के ऐलान के साथ ही पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमतों को लेकर राजनीतिक और सामाजिक दबाव भी बढ़ता दिखाई दे रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.