ओम बिरला से मिले CA राजेश्वर पैन्यूली, उत्तराखंड की टोपी ने खींचा ध्यान

नई दिल्ली/देहरादून। उत्तराखंड भाजपा के वरिष्ठ नेता, आर्थिक प्रकोष्ठ के सह-संयोजक एवं प्रवक्ता (पैनलिस्ट) सीए राजेश्वर पैन्यूली ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से औपचारिक मुलाकात की। इस दौरान पैन्यूली ने शॉल और पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। साथ ही उत्तराखंड की पारंपरिक टोपी पहनाकर देवभूमि की सांस्कृतिक पहचान से उनका अभिनंदन किया।

मुलाकात के दौरान लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने उत्तराखंड की पारंपरिक टोपी को सम्मानपूर्वक धारण किए रखा। उन्होंने उत्तराखंडवासियों को शुभकामनाएं देते हुए प्रदेश की संस्कृति, परंपराओं और विरासत के प्रति अपने आत्मीय जुड़ाव का परिचय दिया। इस दौरान उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान और प्रदेश से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी सकारात्मक चर्चा हुई।

सीए राजेश्वर पैन्यूली ने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का देवभूमि उत्तराखंड और यहां के लोगों के प्रति विशेष स्नेह और आत्मीयता है। उन्होंने कहा कि मुलाकात के दौरान उत्तराखंड से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों के साथ ही प्रदेश के विकास और जनहित से संबंधित मुद्दों पर सार्थक संवाद हुआ।

पैन्यूली ने कहा कि उत्तराखंड अपनी विशिष्ट सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और प्राकृतिक संपदा के लिए देश-दुनिया में अलग पहचान रखता है। ऐसे में प्रदेश से जुड़े विषयों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी ढंग से सामने रखना जरूरी है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और राष्ट्रीय स्तर के नेतृत्व के बीच होने वाले संवाद से उत्तराखंड की अपेक्षाओं, चुनौतियों और संभावनाओं को व्यापक मंच मिल सकता है।

मुलाकात के दौरान उत्तराखंड की पारंपरिक टोपी को लोकसभा अध्यक्ष द्वारा पूरे सम्मान के साथ धारण किए जाने को प्रदेश की संस्कृति और परंपराओं के प्रति सम्मान का प्रतीक माना गया। पैन्यूली ने कहा कि इस तरह के आत्मीय अवसर उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय मंच पर मजबूती से प्रस्तुत करने का माध्यम भी बनते हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.