देहरादून। उत्तराखंड की चारधाम यात्रा इस वर्ष लगातार नए रिकॉर्ड कायम कर रही है। यमुनोत्री के बाद अब गंगोत्री धाम में भी श्रद्धालुओं की संख्या ने नया इतिहास रचा है। 12 सितंबर तक गंगोत्री धाम में पहली बार 7 लाख 84 हजार 321 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। वहीं, यमुनोत्री धाम में भी दर्शनार्थियों की संख्या 7 लाख का आंकड़ा पार कर 7 लाख 3 हजार 302 पहुंच गई है।
चारधाम यात्रा के आंकड़ों के अनुसार इस यात्रा सीजन के 147 दिनों में 50 लाख 28 हजार 497 श्रद्धालु चारधाम के दर्शन कर चुके हैं। पिछले वर्ष इसी अवधि में यह संख्या 45 लाख 9 हजार 324 थी। इस लिहाज से इस वर्ष अब तक 5 लाख 19 हजार 173 अधिक श्रद्धालु चारधाम पहुंच चुके हैं। यात्रा के लिए अभी करीब दो माह का समय शेष है, ऐसे में श्रद्धालुओं की संख्या में और बढ़ोतरी की उम्मीद है।
गंगोत्री धाम में इस वर्ष दर्ज हुई संख्या अब तक का सर्वाधिक आंकड़ा है। इससे पहले 2022 में 7 लाख 81 हजार 961, 2023 में 7 लाख 12 हजार 749 और 2025 में 7 लाख 58 हजार 249 श्रद्धालु यहां पहुंचे थे। इसी तरह यमुनोत्री में पिछले वर्ष 6 लाख 44 हजार 637 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए थे, जबकि इस वर्ष यह आंकड़ा पहले ही 7 लाख पार कर चुका है।
बद्रीनाथ धाम की यात्रा भी नए रिकॉर्ड की ओर बढ़ रही है। 23 अप्रैल से शुरू हुई यात्रा के 143 दिन पूरे होने तक 17 लाख 28 हजार 578 श्रद्धालु भगवान बद्रीविशाल के दर्शन कर चुके हैं। यह संख्या पिछले वर्ष की समान अवधि से 3 लाख 45 हजार 733 अधिक है। वहीं, श्री हेमकुंट साहिब में भी इस वर्ष अब तक 3 लाख 19 हजार 135 श्रद्धालु पहुंच चुके हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि चारधाम यात्रा का पहला चरण बेहद सफल रहा है। दूसरे चरण में भी बड़ी संख्या में तीर्थयात्रियों के पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सुगम यात्रा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। रुद्रप्रयाग, चमोली और उत्तरकाशी समेत यात्रा से जुड़े जिलों में आपदा प्रबंधन विभाग को चौबीसों घंटे अलर्ट मोड पर रखा गया है।