शोणितपुर। असम के शोणितपुर जिले में बालीपारा के पास शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे में पांच युवकों की मौत हो गई। दुर्घटना राष्ट्रीय राजमार्ग-15 पर टुबुकीझार स्थित मीट सप्लाई इलाके के समीप हुई। यहां तेज रफ्तार ट्रक और ईको वाहन की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ईको वाहन सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा।
पुलिस के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान संजय मेष, लाटुमनी उर्फ पापू बोरा, नयन स्वर्गियारी, प्रांजल बनिया और हरबिंद उर्फ गोविंद हाजोवारी के रूप में हुई है। सभी मृतक ओहनी पथार बटाबारी इलाके के निवासी बताए जा रहे हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रक और ईको वाहन विपरीत दिशाओं से आ रहे थे। इसी दौरान दोनों वाहनों के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी और राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ईको वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया।
दुर्घटनास्थल पर क्षतिग्रस्त ईको वाहन से कई शराब की बोतलें भी बरामद होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, बरामद बोतलों का हादसे से कोई सीधा संबंध था या नहीं, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस इस पहलू समेत दुर्घटना के अन्य कारणों की भी जांच कर रही है।
पुलिस ने दुर्घटना की परिस्थितियों को लेकर जांच शुरू कर दी है। हादसे के पीछे तेज रफ्तार, वाहनों की स्थिति और सड़क पर उस समय की परिस्थितियों समेत विभिन्न पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। घटना की सूचना मिलने के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसर गया। एक साथ पांच युवकों की मौत से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।