After Header-1

सुप्रिया की हैट्रिक से भारत का धमाका, दक्षिण कोरिया को 5-1 से रौंदा

मोकी, चीन। ड्रैग-फ्लिक विशेषज्ञ सुप्रिया के शानदार प्रदर्शन की बदौलत गत चैंपियन भारत ने एएचएफ जूनियर महिला एशिया कप के पहले सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया को 5-1 से करारी शिकस्त देकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। भारतीय टीम ने पूरे मुकाबले में आक्रामक हॉकी खेली और अब लगातार दूसरी बार खिताब जीतने से सिर्फ एक कदम दूर है।

भारत ने मुकाबले की शुरुआत से ही दक्षिण कोरिया पर दबाव बनाए रखा। टीम को 13वें मिनट में पहली सफलता मिली, जब मधु सिदार ने शानदार फिनिश करते हुए गोल कर भारत का खाता खोला। इसके चार मिनट बाद 17वें मिनट में भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिला। सुप्रिया ने अपने दमदार ड्रैग-फ्लिक से गेंद को गोल में पहुंचाकर भारत की बढ़त 2-0 कर दी।

भारतीय खिलाड़ियों का आक्रमण इसके बाद भी जारी रहा। 21वें मिनट में सुखवीर कौर ने बेहतरीन फिनिश के साथ भारत का तीसरा गोल किया। दक्षिण कोरिया ने वापसी की कोशिश की, लेकिन भारतीय रक्षापंक्ति ने उसके हमलों को प्रभावी ढंग से रोकते हुए मध्यांतर तक 3-0 की बढ़त कायम रखी।

तीसरे क्वार्टर की शुरुआत में भी भारत ने अपना दबदबा बनाए रखा। 33वें मिनट में मिले पेनल्टी कॉर्नर पर सुप्रिया ने एक बार फिर सटीक ड्रैग-फ्लिक लगाकर अपना दूसरा गोल किया और भारत को 4-0 से आगे कर दिया।

दक्षिण कोरिया को 41वें मिनट में यूरी जियोंग ने सेट पीस पर गोल कर राहत दी। इससे स्कोर 4-1 हुआ और कोरियाई टीम की वापसी की उम्मीद जगी। हालांकि, भारतीय खिलाड़ियों ने इसके बाद रक्षात्मक खेल को मजबूत करते हुए विपक्षी टीम को ज्यादा मौके नहीं दिए।

अंतिम क्वार्टर में भारत ने आक्रामक तेवर बरकरार रखे। 56वें मिनट में मिले पेनल्टी कॉर्नर को सुप्रिया ने फिर गोल में बदल दिया। इसके साथ ही उन्होंने अपनी हैट्रिक पूरी की और भारत की 5-1 की जीत पक्की कर दी।

अब फाइनल में भारत का सामना चीन और जापान के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा। भारतीय टीम की नजर लगातार दूसरी बार जूनियर महिला एशिया कप का खिताब अपने नाम करने पर है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.