मुंबई। चेंबूर इलाके में आवारा बिल्लियों और उनके बच्चों के साथ कथित क्रूरता का मामला सामने आया है। क्षेत्र में कई बिल्लियां मृत और घायल अवस्था में मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना को लेकर पशु प्रेमियों और पशु अधिकार संगठनों में भी नाराजगी है। पशु अधिकार संगठन पेटा इंडिया ने बिल्लियों को मारने वाले व्यक्ति के बारे में विश्वसनीय जानकारी देने वाले को 50 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।
जानकारी के अनुसार, चेंबूर निवासी रुबीना अब्दुल मलिक पठान पिछले पांच-छह वर्षों से इलाके में रहने वाली आवारा बिल्लियों को खाना खिलाने के साथ-साथ उनके इलाज में भी मदद करती हैं। उनकी शिकायत के मुताबिक, 3 सितंबर को उन्हें क्षेत्र में चार बिल्लियां मृत अवस्था में मिली थीं। इस घटना के बाद उन्होंने मामले को गंभीरता से लिया और आसपास की बिल्लियों की स्थिति पर नजर रखना शुरू किया।
रुबीना के अनुसार, 6 सितंबर की सुबह वह शनि मंदिर के पास बिल्लियों को खाना खिलाने पहुंचीं। वहां का दृश्य देखकर वह हैरान रह गईं। उन्हें एक बिल्ली और उसका बच्चा खून से लथपथ हालत में मिला। दोनों के सिर पर गंभीर चोटों के निशान थे। उनकी हालत देखकर आशंका जताई गई कि किसी भारी या धारदार वस्तु से उन पर हमला किया गया।
लगातार बिल्लियों के मृत और घायल मिलने से इलाके में पशुओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है और मामले की जांच कर रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ घटना से जुड़े संभावित साक्ष्यों की भी पड़ताल कर रही है।
वहीं, पेटा इंडिया ने मामले को गंभीर बताते हुए आरोपी की पहचान में मदद करने की अपील की है। संगठन ने कहा है कि दोषी तक पहुंचने वाली विश्वसनीय सूचना देने वाले व्यक्ति को 50 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। घटना सामने आने के बाद पशु प्रेमियों ने दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।