नई दिल्ली। भारत के खिलाफ होने वाले बहुप्रतीक्षित दोस्ताना फुटबॉल मुकाबले के लिए पांच बार की विश्व कप विजेता ब्राजील ने अपनी 26 सदस्यीय टीम घोषित कर दी है। मुख्य कोच कार्लो एंसेलोटी ने टीम में विनिसियस जूनियर, राफिन्हा, एंड्रिक और ब्रूनो गिमाराएस जैसे बड़े सितारों को जगह दी है। ब्राजील की टीम में बैलन डी’ओर के तीन नामांकित खिलाड़ी भी शामिल हैं।
भारत और ब्राजील के बीच यह मुकाबला 3 अक्टूबर को कोलकाता के विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन में खेला जाएगा। भारतीय टीम की कमान खालिद जमील के हाथों में होगी। यह मुकाबला भारतीय खिलाड़ियों के लिए विश्व फुटबॉल की दिग्गज टीमों में शामिल ब्राजील के खिलाफ अपनी क्षमता परखने का बड़ा अवसर होगा।
ब्राजील भारत पहुंचने से पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 25 और 29 सितंबर को दो मुकाबले खेलेगा। इसके बाद टीम कोलकाता पहुंचेगी।
आक्रमण पंक्ति में विनिसियस जूनियर, राफिन्हा और एंड्रिक के अलावा एस्टेवाओ, जोआओ पेड्रो, पेड्रो, रायन और सैमुअल लिनो को शामिल किया गया है। मिडफील्ड में ब्रूनो गिमाराएस और डगलस लुइज जैसे अनुभवी खिलाड़ियों के साथ आंद्रेई सैंटोस, ब्रेनो बिडोन, डानिलो सैंटोस और गैब्रियल बोंटेम्पो को जगह मिली है।
रक्षा पंक्ति में आर्सेनल के स्टार डिफेंडर गैब्रियल मागालाएस और अनुभवी मार्किन्होस प्रमुख नाम हैं। इनके साथ आर्थर डायस, डगलस सैंटोस, जाइर, मात्युजिन्हो, माउरो जूनियर, विटोर रीस और वेस्ली टीम का हिस्सा होंगे।
गोलकीपिंग की जिम्मेदारी ह्यूगो सूजा, पेड्रो मोरिस्को और ओटावियो संभालेंगे। ब्राजील की इस मजबूत टीम को देखते हुए कोलकाता में होने वाले मुकाबले को लेकर फुटबॉल प्रशंसकों में उत्साह बढ़ गया है।
भारत के खिलाफ यह मुकाबला ब्राजील की सीनियर पुरुष टीम का भारतीय जमीन पर पहला अंतरराष्ट्रीय मुकाबला भी होगा। ऐसे में तीन अक्टूबर का मैच दोनों टीमों और भारतीय फुटबॉल प्रशंसकों के लिए खास महत्व रखता है।