मोकी (चीन)। भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम ने महिला जूनियर एशिया कप-2026 के क्वार्टर फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ एकतरफा प्रदर्शन करते हुए 19-0 की रिकॉर्ड जीत दर्ज की। इस शानदार जीत के साथ भारतीय टीम ने टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। भारत ने मुकाबले के चारों क्वार्टर में गोल दागते हुए पाकिस्तान को वापसी का कोई मौका नहीं दिया।
भारत ने पहले क्वार्टर में पांच गोल कर मुकाबले पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली। सातवें मिनट में पूजा साहू ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर भारत का खाता खोला। इसके बाद रोशनी ऐंद, तनुश्री दिनेश कडू, सुखवीर कौर और सानिका चंद्रकांत माने ने गोल कर पहले क्वार्टर के अंत तक स्कोर 5-0 कर दिया।
दूसरे क्वार्टर में भी भारतीय खिलाड़ियों का आक्रामक खेल जारी रहा। मधु सिदार, गीता यादव, सानिका माने, तनुजा टोप्पो और पूजा मलिक ने गोल किए। पूजा मलिक के गोल के साथ हाफ टाइम तक भारत ने 10-0 की विशाल बढ़त बना ली थी।
तीसरे क्वार्टर में पूर्णिमा यादव, मधु सिदार और सुप्रिया ने एक-एक गोल कर पाकिस्तान की मुश्किलें और बढ़ा दीं। तीसरे क्वार्टर के समाप्त होने तक भारत 13-0 से आगे था।
अंतिम 15 मिनट में भी भारतीय टीम ने आक्रमण जारी रखा और छह और गोल दाग दिए। कृष्णा शर्मा ने टूर्नामेंट का अपना पहला गोल किया। पूजा मलिक ने दो और गोल कर अपनी हैट्रिक पूरी की। सुप्रिया ने अपना दूसरा गोल किया, जबकि बिनिमा धन और रोशनी ऐंद ने भी गोल किए। रोशनी के 60वें मिनट के गोल के साथ भारत ने स्कोर 19-0 कर दिया।
भारत के दबदबे का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि टीम को पूरे मुकाबले में 18 पेनल्टी कॉर्नर और एक पेनल्टी स्ट्रोक मिला। इसके विपरीत पाकिस्तान की टीम कोई गोल करने में सफल नहीं रही और उसे एक भी पेनल्टी कॉर्नर या पेनल्टी स्ट्रोक नहीं मिला।
इस धमाकेदार जीत के बाद भारत अब 12 सितंबर को सेमीफाइनल मुकाबला खेलेगा। सेमीफाइनल में उसका सामना दक्षिण कोरिया और मलेशिया के बीच होने वाले क्वार्टर फाइनल के विजेता से होगा।