मुंबई। अडाणी समूह के एयरपोर्ट कारोबार को विस्तार देने की दिशा में अडाणी एंटरप्राइजेज ने बड़ा कदम उठाया है। कंपनी की एयरपोर्ट इकाई अडाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स में दुनिया की प्रमुख निवेश कंपनियां करीब एक अरब डॉलर यानी लगभग 9,825 करोड़ रुपये का निवेश करेंगी। इस खबर के सामने आने के बाद अडाणी एंटरप्राइजेज के शेयरों में जोरदार तेजी देखने को मिली और कारोबार के दौरान स्टॉक 5 फीसदी से ज्यादा उछल गया।
प्रस्तावित निवेश में टेमासेक, ब्लैकरॉक, प्रेमजी इन्वेस्ट और अल्फा वेव जैसे बड़े निवेशक शामिल हैं। नई पूंजी जुटाने के लिए अडाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स नए शेयर जारी करेगी। इस सौदे के बाद निवेशकों के समूह की कंपनी में कुल हिस्सेदारी अधिकतम करीब 5.54 फीसदी रहने की बात कही गई है। हालांकि, एयरपोर्ट कारोबार का नियंत्रण पहले की तरह अडाणी एंटरप्राइजेज के पास ही रहेगा।
कंपनी के मुताबिक, इस निवेश से मिलने वाली पूंजी का इस्तेमाल एयरपोर्ट कारोबार के विस्तार और आधुनिकीकरण में किया जाएगा। मौजूदा एयरपोर्ट नेटवर्क में सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ-साथ यात्रियों के अनुभव को मजबूत करने पर भी जोर रहेगा। इसके अलावा ग्राउंड हैंडलिंग, यात्री सेवाओं और एयरपोर्ट से जुड़े अन्य कारोबार के विस्तार की योजना है।
निवेश समझौते से पहले अडाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स का अनुमानित मूल्य करीब 18 अरब डॉलर आंका गया था। हालांकि, कंपनी की ओर से अभी यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि प्रत्येक निवेशक कितनी राशि लगाएगा और उन्हें किस कीमत पर नए शेयर जारी किए जाएंगे।
निवेशकों के समूह में टेमासेक की जोंगसोंग इन्वेस्टमेंट्स, अल्फा वेव-3, प्रेमजी इन्वेस्ट के पीआई अपॉर्च्युनिटीज फंड और ब्लैकरॉक द्वारा प्रबंधित विभिन्न ग्लोबल फंड शामिल हैं।
इस डील को अडाणी समूह के एयरपोर्ट कारोबार के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नई पूंजी मिलने से कंपनी को अपने मौजूदा नेटवर्क के विस्तार के साथ एयरपोर्ट से जुड़े सहायक कारोबार को विकसित करने में मदद मिल सकती है। वहीं, शेयर बाजार में निवेशकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया ने भी इस समझौते को लेकर बाजार की दिलचस्पी बढ़ा दी है।