नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात दौरे के दौरान वडोदरा में दो छोटी बच्चियों से हुई मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया मंच इंस्टाग्राम पर साझा किया है। वीडियो में एक बच्ची के हाथ में तिरंगा नजर आ रहा है, जबकि दूसरी बच्ची ड्रम लिए हुए दिखाई दे रही है। प्रधानमंत्री दोनों बच्चियों के पास पहुंचे और उन्हें आगे करते हुए ड्रम बजाने के लिए प्रोत्साहित किया।
वीडियो में प्रधानमंत्री मोदी सफेद कुर्ता-पायजामा और गले में गमछा पहने नजर आए। उनके पीछे भगवा झंडे लिए महिलाएं भी दिखाई दे रही हैं। वीडियो साझा करते हुए प्रधानमंत्री ने अपने युवा दोस्तों का जिक्र करते हुए लिखा कि एक बच्चा ड्रम बजा रहा है और दूसरा तिरंगा लिए हुए है। पीएम मोदी का यह सहज अंदाज लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
प्रधानमंत्री मंगलवार सुबह गुजरात और महाराष्ट्र के दौरे पर रवाना हुए थे। वडोदरा में उन्होंने जेन-जी संवाद कार्यक्रम में करीब 6 हजार युवाओं से बातचीत की। इस दौरान प्रधानमंत्री ने युवाओं से सीधे संवाद करते हुए विकसित भारत के निर्माण में उनकी भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम के लिए विशेष रूप से वाय आकार का रैंप तैयार किया गया था। संबोधन से पहले प्रधानमंत्री इसी रैंप से होते हुए युवाओं के बीच पहुंचे। इस दौरान एक छात्र ने प्रधानमंत्री को अपने हाथों से बनाई तस्वीर भी भेंट की। मोदी ने युवाओं के उत्साह की सराहना करते हुए देश की विकास यात्रा में उनकी भागीदारी पर जोर दिया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि वह विकसित भारत की यात्रा को गति देने के उद्देश्य से आए हैं। उन्होंने युवाओं की ऊर्जा, नए विचारों और तकनीकी क्षमता को देश के औद्योगिक बदलावों से जोड़ने की जरूरत पर भी बात की।
वडोदरा कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री मुंबई पहुंचे, जहां उन्हें एक अन्य कार्यक्रम को संबोधित करना था। गुजरात दौरे के दौरान युवाओं के साथ संवाद और बच्चियों से उनकी मुलाकात ने कार्यक्रम को खास बना दिया।