झांसी। बुंदेलखंड के लोकप्रिय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म बुंदेलखंड 24×7 द्वारा आयोजित पाक-कला प्रतियोगिता ‘बुंदेली शेफ सीजन-4’ का ग्रैंड फिनाले रविवार को झांसी में संपन्न हुआ। रोमांचक मुकाबले में बेंगलुरु की नैन्सी शिवहरे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर लिया।
फाइनल में कुल पांच प्रतिभागियों ने अपनी पाक-कला का प्रदर्शन किया। कड़े मुकाबले में ललितपुर की स्वाती जैन फर्स्ट रनरअप और टीकमगढ़ की प्रतिभा मिश्रा सेकेंड रनरअप रहीं। वहीं भोपाल की हेमा गुप्ता और इंदौर की सुरुचि जैन ने भी अपने शानदार व्यंजनों से निर्णायक मंडल और दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।
प्रतिभागियों के व्यंजनों का मूल्यांकन निर्णायक मंडल में शामिल अपना दल (एस) महिला मंच की राष्ट्रीय अध्यक्ष दीपमाला कुशवाहा और प्रसिद्ध शेफ संजय शर्मा ने किया। इस दौरान काजल कुशवाहा भी मौजूद रहीं।
प्रतिभाओं को व्यवसाय से जोड़ने की पहल
बुंदेलखंड 24×7 के फाउंडर डॉ. अतुल मलिकराम ने कहा कि बुंदेली शेफ का उद्देश्य सिर्फ प्रतियोगिता आयोजित करना नहीं, बल्कि बुंदेलखंड के पारंपरिक स्वाद और प्रतिभाओं को व्यापक पहचान दिलाना है। उन्होंने कहा कि प्रतिभागियों के हुनर को प्रतियोगिता तक सीमित न रखते हुए उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रतियोगिता के मंच से एक महत्वपूर्ण पहल की भी घोषणा की गई। इसके तहत सीजन-1 से सीजन-4 तक के सभी सेमीफाइनलिस्ट और फाइनलिस्ट को क्लाउड किचन, होम-बेस्ड फूड बिजनेस या कुकिंग से जुड़े स्टार्टअप शुरू करने के लिए आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
इच्छुक प्रतिभागी अपना बिजनेस आइडिया और पिच नोट बुंदेलखंड 24×7 के साथ साझा कर सकेंगी। प्रस्तावों के मूल्यांकन के बाद चयनित प्रतिभागियों को चैनल की ‘प्रगति’ पहल के माध्यम से फंडिंग उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
महिला सशक्तीकरण और बुंदेली स्वाद को बढ़ावा
दीपमाला कुशवाहा ने सभी फाइनलिस्ट को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बुंदेली शेफ में शामिल महिला प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा के माध्यम से बुंदेलखंड की पारंपरिक पाक-कला और संस्कृति को नई पहचान दिलाने का काम किया है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
आयोजकों के अनुसार, बुंदेली शेफ के माध्यम से लगातार बुंदेलखंड के पारंपरिक व्यंजनों, स्थानीय स्वाद और पाक-कला से जुड़ी प्रतिभाओं को मंच दिया जा रहा है। सीजन-4 में विभिन्न चरणों और ऑडिशन के बाद पांच प्रतिभागियों ने ग्रैंड फिनाले में जगह बनाई थी।
आयोजन को शुद्ध मसाला ने मसाला पार्टनर, ट्रॉफी हाउस ने ट्रॉफी पार्टनर और पीआर 24×7 ने पीआर पार्टनर के रूप में सहयोग दिया। रुद्राणी कलाग्राम ने भी कार्यक्रम की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।