‘मिर्जापुर: द मूवी’ का बॉक्स ऑफिस पर तूफान, तीन दिन में 100 करोड़ पार

मुंबई। अली फजल और पंकज त्रिपाठी स्टारर ‘मिर्जापुर: द मूवी’ ने सिनेमाघरों में रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस पर अपनी मजबूत पकड़ बना ली है। फिल्म ने शुरुआती वीकेंड में शानदार प्रदर्शन करते हुए दुनियाभर में 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। फ्रेंचाइजी की लोकप्रियता और मजबूत फैन फॉलोइंग का फायदा फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर मिलता नजर आ रहा है।

सैकनिल्क के अनुसार, फिल्म ने रविवार को रिलीज के तीसरे दिन करीब 36 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इससे पहले शनिवार को फिल्म ने 32 करोड़ रुपये कमाए थे, जबकि ओपनिंग डे पर इसका कलेक्शन 25.75 करोड़ रुपये रहा। इस तरह शुरुआती तीन दिनों में भारत में फिल्म का नेट कलेक्शन 93.75 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।

फिल्म के भारतीय ग्रॉस कलेक्शन की बात करें तो यह 112.35 करोड़ रुपये हो चुका है। वहीं, दुनियाभर में फिल्म की कुल कमाई 132.35 करोड़ रुपये बताई जा रही है। वीकेंड के दौरान लगातार बढ़ती कमाई ने संकेत दिया है कि ‘मिर्जापुर’ की लोकप्रियता ओटीटी के बाद बड़े पर्दे पर भी बरकरार है।

दर्शकों से मिल रहे सकारात्मक रिस्पॉन्स के बीच फिल्म ने रिलीज के शुरुआती दिनों में ही सिनेमाघरों में मौजूद कई फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है। अली फजल और पंकज त्रिपाठी के साथ फिल्म की पूरी स्टारकास्ट को दर्शकों का अच्छा समर्थन मिल रहा है।

वहीं, यश की ‘टॉक्सिक’ की बॉक्स ऑफिस रफ्तार अपेक्षाकृत धीमी बनी हुई है। फिल्म ने रिलीज के 12वें दिन 2.42 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया, जिसके बाद भारत में इसका नेट कलेक्शन 245.75 करोड़ रुपये हो गया है। दुनियाभर में फिल्म की कमाई 337.80 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

दूसरी ओर, ‘हनुमान अंश’ भी बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ बनाए हुए है। फिल्म ने 31वें दिन 22.75 करोड़ रुपये की कमाई की, जिससे इसका कुल कलेक्शन 122.13 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। इस तरह बॉक्स ऑफिस पर फिलहाल तीनों फिल्मों के प्रदर्शन पर दर्शकों और ट्रेड की नजर बनी हुई है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.