हल्द्वानी ‘शुद्धिकरण’ पर कांग्रेस का हल्ला बोल, CM आवास कूच में उमड़ा जनसैलाब

देहरादून। हल्द्वानी में कांग्रेस के कार्यक्रम स्थल के कथित ‘शुद्धिकरण’ को लेकर उत्तराखंड की सियासत गरमा गई है। सोमवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री आवास कूच किया। प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा के नेतृत्व और प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के आह्वान पर परेड ग्राउंड से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्यमंत्री आवास की ओर रवाना हुए।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि राजनीतिक कार्यक्रम स्थल का ‘शुद्धिकरण’ किया जाना लोकतांत्रिक परंपराओं और सामाजिक समरसता के खिलाफ है। उनका कहना था कि राजनीतिक विरोध विचारों और नीतियों तक सीमित होना चाहिए। धर्म, जाति या ‘शुद्ध-अशुद्ध’ की अवधारणा के आधार पर समाज को बांटने की राजनीति स्वीकार नहीं की जा सकती।

प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान आपसी भाईचारे और सामाजिक सद्भाव से है। उन्होंने सरकार से हल्द्वानी प्रकरण पर स्थिति स्पष्ट करने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने घटना को लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमला बताया।

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि किसी व्यक्ति या राजनीतिक दल को ‘शुद्ध’ अथवा ‘अशुद्ध’ बताने की मानसिकता संविधान की मूल भावना के विपरीत है। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने भाजपा पर विकास के मुद्दों से ध्यान हटाकर विभाजन की राजनीति करने का आरोप लगाया। चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत ने कहा कि उत्तराखंड को नफरत और भेदभाव की प्रयोगशाला नहीं बनने दिया जाएगा।

सभा में करण माहरा, गुरदीप सिंह सप्पल, भुवन कापड़ी, विक्रम सिंह नेगी समेत कई नेताओं ने सरकार पर निशाना साधा। कांग्रेस नेताओं ने महिला अपराध, बेरोजगारी, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितता, किसानों की समस्याओं, जमीनों की नीलामी और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दे भी उठाए।

कार्यक्रम के दौरान रुड़की के पूर्व महापौर यशपाल राणा, पूर्व प्रधानाचार्य मनोज कुमार सैनी, पूर्व प्रमुख भुवनेश खर्कवाल, पूर्व अधिशासी अधिकारी भजनलाल आर्य सहित कई लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।

कार्यक्रम का संचालन प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने किया। कांग्रेस ने कहा कि हल्द्वानी प्रकरण में कार्रवाई होने तक उसका आंदोलन जारी रहेगा और जनहित के मुद्दों को लेकर पार्टी सड़क से सदन तक आवाज उठाती रहेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.