पोखड़ा (पौड़ी)। चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड पोखड़ा मुख्यालय स्थित ब्लॉक सभागार में सोमवार को श्रम विभाग की ओर से श्रमिक पंजीकरण एवं नवीनीकरण शिविर आयोजित किया गया। क्षेत्र भ्रमण के दूसरे दिन प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज शिविर में पहुंचे और जनप्रतिनिधियों व स्थानीय लोगों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को भी सुना और उनके समाधान के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सतपाल महाराज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में विकास कार्य लगातार आगे बढ़ रहे हैं। श्रम विभाग की ओर से आयोजित पंजीकरण एवं नवीनीकरण शिविर सरकार की योजनाओं और सुविधाओं को श्रमिकों तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। ऐसे शिविरों के माध्यम से लोगों की समस्याओं को स्थानीय स्तर पर सुनने और उनके समाधान का प्रयास किया जा रहा है।
महाराज ने कहा कि श्रमिक प्रदेश और देश के विकास की मजबूत कड़ी हैं। सड़क, भवन, औद्योगिक क्षेत्र और अन्य श्रम आधारित कार्यों में श्रमिकों का योगदान महत्वपूर्ण है। उनके परिश्रम के बिना विकास की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि श्रमिक केवल मेहनत नहीं करता, बल्कि अपने पसीने से प्रदेश के विकास की नई इबारत लिखता है।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य श्रमिकों को उनके अधिकारों और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराना है। इसके लिए श्रमिकों का पंजीकरण और समय-समय पर नवीनीकरण जरूरी है। पंजीकृत श्रमिकों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ लेने में सहायता मिलती है।
महाराज ने कहा कि श्रमिक कल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचाना जरूरी है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से शिविरों के माध्यम से श्रमिकों को पंजीकरण और नवीनीकरण की प्रक्रिया के साथ उपलब्ध योजनाओं की जानकारी देने पर भी जोर दिया।