शिक्षक नेताओं ने क्यों चुनी भाजपा की राह? महेंद्र भट्ट ने दिलाई सदस्यता

देहरादून। शिक्षक दिवस के मौके पर भारतीय जनता पार्टी को उस समय बड़ी राजनीतिक सौगात मिली, जब शिक्षक संघ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राम सिंह समेत बड़ी संख्या में शिक्षकों और युवाओं ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने पार्टी मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सभी नए सदस्यों का स्वागत करते हुए उन्हें फूलमाला और पटका पहनाकर औपचारिक रूप से पार्टी में शामिल कराया।

इस अवसर पर महेंद्र भट्ट ने कहा कि समाज और देश को बांटने वाली शक्तियों का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देने में शिक्षक और बुद्धिजीवी वर्ग की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को समाज में जागरूकता फैलाने और युवाओं को सही दिशा देने के लिए आगे आना चाहिए।

भाजपा में शामिल हुए शिक्षक नेताओं ने कहा कि जातीय विभाजन और युवाओं को राजनीतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल करने की कोशिशों के खिलाफ वे राष्ट्रवादी विचारधारा के साथ जुड़ रहे हैं। उनका कहना था कि देश और समाज के हित में सकारात्मक सोच को मजबूत करने की जरूरत है।

महेंद्र भट्ट ने राम सिंह और अन्य शिक्षक नेताओं के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने लंबे समय तक साथी शिक्षकों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। सरकार के समक्ष मांगें रखने से लेकर विभिन्न आंदोलनों तक उन्होंने अपनी बात मजबूती से रखी। उन्होंने कहा कि सरकार ने भी शिक्षक समुदाय से जुड़े कई विषयों पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए उनकी मांगों को स्वीकार किया है।

भट्ट ने कहा कि शिक्षा क्षेत्र और शिक्षकों के बीच लंबे समय से सक्रिय रूप से प्रतिनिधित्व करने वाले लोगों का भाजपा से जुड़ना संगठन के साथ-साथ राज्य के विकास और जनकल्याण के लिए भी महत्वपूर्ण साबित होगा। उन्होंने नए सदस्यों से पार्टी की विचारधारा और जनसेवा के संकल्प के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में शिक्षक नेताओं के साथ बड़ी संख्या में युवा भी मौजूद रहे। भाजपा पदाधिकारियों ने सभी नए सदस्यों का स्वागत करते हुए संगठन को मजबूत बनाने में उनकी भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.