जम्मू बॉर्डर पर बड़ी घुसपैठ नाकाम, BSF ने पाकिस्तानी घुसपैठिए को दबोचा

जम्मू। जम्मू के कनाचक सेक्टर में सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने अंतरराष्ट्रीय सीमा (IB) पर घुसपैठ की कोशिश को नाकाम करते हुए एक पाकिस्तानी घुसपैठिए को पकड़ा है। यह कार्रवाई गुरुवार सुबह बॉर्डर आउट पोस्ट (BOP) सोहन के पास की गई।

अधिकारियों के अनुसार, 44वीं बीएसएफ बटालियन के जवान सीमा क्षेत्र में निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान जवानों ने एक संदिग्ध व्यक्ति को सीमा पार कर भारतीय क्षेत्र में प्रवेश करते देखा और उसे तत्काल पकड़ लिया। हिरासत में लिए जाने के बाद व्यक्ति को बीएसएफ की कस्टडी में रखा गया है।

घटना की सूचना मिलने पर बीएसएफ के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। पकड़े गए व्यक्ति से उसकी पहचान, भारतीय सीमा में प्रवेश करने के उद्देश्य और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों को लेकर पूछताछ की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि घुसपैठिया अकेले भारतीय क्षेत्र में आया था या इसके पीछे कोई अन्य साजिश थी।

अधिकारियों ने फिलहाल मामले से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है। पूछताछ पूरी होने के बाद ही घुसपैठिए की पहचान और उसके भारत में प्रवेश के वास्तविक मकसद को लेकर स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.