काठमांडू, नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बीच भारत की ओर से हरसंभव मानवीय सहायता की पेशकश पर नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया है। दोनों नेताओं के बीच फोन पर हुई बातचीत में नेपाल की मौजूदा स्थिति और राहत-बचाव प्रयासों को लेकर चर्चा हुई।
प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से भारत की एकजुटता और सहयोग के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में नेपाल के प्रति भारत की संवेदनशीलता और सहायता की पेशकश सराहनीय है। शाह के मुताबिक प्रधानमंत्री मोदी के आत्मीय शब्द और सहयोग की भावना दोनों देशों के बीच मजबूत दोस्ती और भरोसे को दर्शाती है।
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दोनों नेताओं के बीच फोन पर हुई बातचीत की जानकारी साझा की थी। उन्होंने नेपाल में बाढ़ के कारण हुई जनहानि पर दुख व्यक्त करते हुए कहा था कि भारत इस कठिन समय में नेपाल को हर संभव मानवीय सहायता उपलब्ध कराने के लिए तैयार है।
प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी बताया कि भारतीय टीमें नेपाल में राहत और बचाव कार्यों में सहयोग कर रही हैं। नेपाल में बाढ़ ने कई क्षेत्रों में भारी नुकसान पहुंचाया है। बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हुए हैं और कई इलाकों में संपर्क व्यवस्था बाधित होने के कारण राहत कार्यों में कठिनाइयां सामने आ रही हैं।
भारत और नेपाल के बीच लंबे समय से सामाजिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक संबंध रहे हैं। ऐसे में प्राकृतिक आपदा के समय भारत की ओर से सहायता की पेशकश को दोनों देशों के बीच सहयोग की भावना के रूप में देखा जा रहा है।
दोनों प्रधानमंत्रियों की बातचीत ऐसे समय हुई है, जब नेपाल में राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है। प्रभावित क्षेत्रों तक सहायता पहुंचाना और लोगों को सुरक्षित निकालना प्राथमिकता बनी हुई है। भारत की ओर से सहयोग के भरोसे और नेपाल की ओर से आभार व्यक्त किए जाने से संकट के बीच दोनों देशों के बीच समन्वय और आपसी सहयोग का संदेश सामने आया है।
नेपाल सरकार और स्थानीय एजेंसियां प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों को आगे बढ़ा रही हैं, जबकि भारतीय पक्ष भी आवश्यकतानुसार सहायता उपलब्ध कराने के लिए तैयार है।