जबलपुर, मध्य प्रदेश के जबलपुर में ऑनलाइन ठगी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। अधारताल थाना क्षेत्र में 29 वर्षीय युवक को होटल रेटिंग के जरिए घर बैठे कमाई का झांसा देकर जालसाजों ने 37 लाख रुपये से अधिक की रकम ठग ली। ठगी का शिकार जागृति नगर अमखेरा निवासी विक्रांत साहू हुए हैं। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित के अनुसार, 8 जनवरी 2025 को टेलीग्राम पर ‘अदिति रियांश’ नाम से एक संदेश आया था। इसमें ‘सीक्रेट एस्केप्स’ नाम के प्लेटफॉर्म के जरिए होटलों को रेटिंग देने पर आकर्षक मुनाफे का लालच दिया गया। शुरुआत में जालसाजों ने रेटिंग के बदले 1,024 रुपये दिए। इसके बाद 10 हजार रुपये जमा करने पर 17,546 रुपये और 20,960 रुपये लगाने पर 42,573 रुपये वापस किए गए। शुरुआती भुगतान मिलने से युवक को भरोसा हो गया कि यह वास्तविक ऑनलाइन काम है।
इसके बाद जालसाजों ने निवेश की रकम लगातार बढ़ाने के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया। 11 से 15 जनवरी 2025 के बीच पीड़ित ने एनईएफटी, आरटीजीएस और फोनपे के माध्यम से कई किस्तों में रकम ट्रांसफर की। इतना ही नहीं, जालसाजों के कहने पर पत्नी, साथी और परिचितों के बैंक खातों से भी पैसे भेजे गए। कुछ रकम बैंक शाखाओं के माध्यम से जमा कराए जाने की भी जानकारी शिकायत में दी गई है।
पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, अलग-अलग बैंक खातों और फोनपे के जरिए कुल 37,61,566 रुपये ट्रांसफर कराए गए। इसके बदले पीड़ित को महज 61,143 रुपये वापस मिले। इस हिसाब से उसे कुल 37,00,423 रुपये का नुकसान हुआ।
ठगी का एहसास होने के बाद विक्रांत साहू ने 25 अगस्त की रात अधारताल थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अब टेलीग्राम अकाउंट, संदिग्ध बैंक खातों और डिजिटल लेन-देन की जानकारी जुटाकर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।