अंजलि अरोड़ा बनीं माता सीता तो क्यों भड़के यूजर्स? टीजर ने छेड़ दी नई बहस

मुंबई,  ‘कच्चा बादाम’ वीडियो से सोशल मीडिया पर लोकप्रिय हुईं अंजलि अरोड़ा अब बॉलीवुड में अपनी नई पारी शुरू करने जा रही हैं। उन्हें आगामी पौराणिक फिल्म ‘महाकाव्य श्री रामायण कथा-श्री राम की’ में माता सीता की भूमिका के लिए चुना गया है। फिल्म का पोस्टर और टीजर सामने आने के बाद जहां दर्शकों में उत्सुकता बढ़ी है, वहीं सोशल मीडिया पर उनकी कास्टिंग को लेकर बहस भी शुरू हो गई है।

टीजर रिलीज होने के बाद कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने अंजलि अरोड़ा को माता सीता के किरदार में लिए जाने पर आपत्ति जताई। कई यूजर्स ने उनकी पुरानी सोशल मीडिया छवि का हवाला देते हुए सवाल उठाया कि उन्हें इस पवित्र और महत्वपूर्ण भूमिका के लिए किस आधार पर चुना गया है। कुछ लोगों ने फिल्म निर्माताओं के फैसले की आलोचना करते हुए कार्रवाई की मांग तक कर दी। हालांकि, ये प्रतिक्रियाएं सोशल मीडिया यूजर्स की व्यक्तिगत राय हैं और फिल्म की कास्टिंग को लेकर किसी आधिकारिक कार्रवाई या रोक की जानकारी सामने नहीं आई है।

फिल्म के टीजर में इस्तेमाल किए गए एक मंत्र को लेकर भी विवाद खड़ा हो गया है। कुछ यूजर्स ने ‘कृष्णाय वासुदेवाय’ मंत्र के इस्तेमाल पर सवाल उठाते हुए कहा कि भगवान राम का संबंध त्रेतायुग से और भगवान कृष्ण का द्वापरयुग से माना जाता है। इसी वजह से टीजर के धार्मिक संदर्भों को लेकर सोशल मीडिया पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।

फिल्म में भगवान राम की भूमिका अभिनेता देव शर्मा निभा रहे हैं। देव शर्मा इससे पहले ‘यारियां’ और ‘हीरोपंती’ जैसी फिल्मों में काम कर चुके हैं। फिल्म का निर्देशन अभिषेक सिंह कर रहे हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म 25 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हो सकती है।

दिलचस्प बात यह है कि फिल्म की रिलीज रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश अभिनीत ‘रामायण पार्ट 1’ से पहले होने की संभावना है। रामकथा पर आधारित फिल्मों को लेकर पहले से दर्शकों की दिलचस्पी बनी हुई है। ऐसे में अब नजर इस बात पर है कि अंजलि अरोड़ा माता सीता के किरदार में दर्शकों की उम्मीदों पर कितना खरा उतर पाती हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.