देहरादून। आगामी चुनावी तैयारियों को धार देने के लिए भारतीय जनता पार्टी उत्तराखंड में बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने जा रही है। पार्टी की ओर से 31 अगस्त से 15 सितंबर तक राष्ट्रव्यापी बूथ सशक्तिकरण अभियान चलाया जाएगा। अभियान के जरिए सभी बूथों पर संगठन की सक्रियता बढ़ाने के साथ सर्वसमाज को पार्टी से अधिक प्रभावी तरीके से जोड़ने पर जोर रहेगा।
प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट के निर्देश पर अभियान के संचालन के लिए प्रदेश स्तर पर टीम का गठन किया गया है। प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल को अभियान का प्रदेश संयोजक बनाया गया है। पार्टी पदाधिकारियों के मुताबिक बूथ सशक्तिकरण अभियान का उद्देश्य संगठन की जमीनी पकड़ को मजबूत करना और कार्यकर्ताओं को चुनावी दृष्टि से अधिक सक्रिय बनाना है।
प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने बताया कि अभियान की तैयारियों को लेकर प्रदेश, जिला और मंडल स्तर पर कार्यशालाएं आयोजित की जा चुकी हैं। इसके अलावा 30 अगस्त तक जिला, मंडल और शक्ति केंद्र स्तर पर कार्ययोजना बैठकें पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है। इन बैठकों में बूथ स्तर पर अभियान की रूपरेखा और जिम्मेदारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक बूथ समिति में अध्यक्ष समेत कुल 12 कार्यकर्ता शामिल होंगे। कार्यकर्ताओं के बीच जिम्मेदारियों का विभाजन करते समय संबंधित क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों को विशेष रूप से ध्यान में रखा जाएगा। इससे बूथ स्तर पर संगठनात्मक गतिविधियों को बेहतर तरीके से संचालित करने और स्थानीय स्तर की जरूरतों के अनुसार रणनीति बनाने में मदद मिलेगी।
अभियान के लिए गठित प्रदेश टोली में प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल को संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है। प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश गिरी, प्रवीण लेखवार, गोपाल रावत, विशाल गुप्ता और भुवन जोशी को सह संयोजक बनाया गया है।
पार्टी नेताओं का कहना है कि बूथ संगठन को चुनावी रणनीति की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी माना जाता है। ऐसे में अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने, संगठन का विस्तार करने और समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंच मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। अभियान के जरिए भाजपा आगामी चुनावों के लिए अपनी रणनीति को धरातल तक पहुंचाने की तैयारी में जुट गई है।