After Header-1

 ईएनएस इंटरप्राइजेज की शानदार एंट्री, 92 का शेयर पहुंचा ₹99 तक

नई दिल्ली। डिजिटल कॉमर्स इनेबलमेंट, एआई सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट और आईटी कंसल्टिंग सेवाएं देने वाली ईएनएस इंटरप्राइजेज लिमिटेड ने शुक्रवार को शेयर बाजार में मामूली बढ़त के साथ शुरुआत की। कंपनी के आईपीओ में शेयर का इश्यू प्राइस 92 रुपये तय किया गया था। बीएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर शेयर 4.35 प्रतिशत प्रीमियम के साथ 96 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ।

लिस्टिंग के बाद शुरुआती कारोबार में शेयर पर बिकवाली का दबाव दिखा और भाव 95.90 रुपये तक फिसल गया। हालांकि, इसके बाद खरीदार सक्रिय हुए और शेयर 99 रुपये के उच्च स्तर तक पहुंच गया। बाद में फिर मुनाफावसूली देखने को मिली। सुबह 11:45 बजे तक कंपनी का शेयर 96.01 रुपये के स्तर पर कारोबार कर रहा था। इस तरह आईपीओ निवेशकों को प्रति शेयर 4.01 रुपये यानी करीब 4.36 प्रतिशत का लाभ मिला।

ईएनएस इंटरप्राइजेज का 33.14 करोड़ रुपये का आईपीओ 14 से 18 अगस्त तक खुला था। इश्यू को कुल 13.11 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। क्यूआईबी हिस्सा 9.44 गुना, एनआईआई हिस्सा 22.89 गुना और रिटेल हिस्सा 11.02 गुना सब्सक्राइब हुआ था।

आईपीओ के तहत 10 रुपये अंकित मूल्य वाले कुल 36,02,400 शेयर जारी किए गए। कंपनी ने बताया कि आईपीओ से जुटाई गई रकम का इस्तेमाल उत्पादों के अपग्रेडेशन, कर्मचारियों की भर्ती, आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत करने, कर्ज घटाने, कार्यशील पूंजी और अन्य कॉरपोरेट जरूरतों के लिए किया जाएगा।

कंपनी के वित्तीय प्रदर्शन में भी पिछले वर्षों में सुधार देखने को मिला है। वित्त वर्ष 2023-24 में 90 लाख रुपये का शुद्ध लाभ 2024-25 में बढ़कर 3.70 करोड़ और 2025-26 में 8.40 करोड़ रुपये हो गया। इसी अवधि में राजस्व 10.12 करोड़ से बढ़कर 28.62 करोड़ और फिर 51.77 करोड़ रुपये पहुंच गया।

कंपनी का EBITDA भी 1.38 करोड़ रुपये से बढ़कर 5.48 करोड़ और फिर 11.71 करोड़ रुपये हो गया। वहीं नेटवर्थ 1.90 करोड़ से बढ़कर 18.44 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। हालांकि, 2025-26 के अंत में कंपनी पर 3.97 करोड़ रुपये का कर्ज भी दर्ज हुआ।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.