राज्यपाल के सामने पहुंचीं 14 फरियादें, समाधान के लिए अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

देहरादून। लोक भवन में शुक्रवार को आयोजित लोक मिलन कार्यक्रम में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने पूर्व सैनिकों, उनके आश्रितों और प्रदेश के दूरदराज क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं। राज्यपाल ने सभी प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को जनसमस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनहित से जुड़े मामलों के निस्तारण में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।

कार्यक्रम में उत्तरकाशी, अल्मोड़ा, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, हरिद्वार और देहरादून जिलों से पहुंचे कुल 14 लोगों ने राज्यपाल के समक्ष अपनी समस्याएं और सुझाव रखे। इनमें भूमि विवाद एवं अन्य भूमि संबंधी मामले, रोजगार उपलब्ध कराने, ग्राम विकास कार्यों में सहयोग सहित व्यक्तिगत और सामुदायिक समस्याएं शामिल रहीं।

राज्यपाल ने एक-एक कर सभी लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण का नियमानुसार निर्धारित समय सीमा में समाधान किया जाए। उन्होंने शिकायत निवारण अधिकारी को प्राप्त शिकायतों को तत्काल संबंधित जिलाधिकारियों और विभागीय अधिकारियों को भेजने के निर्देश दिए। साथ ही इन मामलों की नियमित निगरानी कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

राज्यपाल ने कहा कि लोक भवन में समय-समय पर आयोजित होने वाले लोक मिलन कार्यक्रमों का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं को सीधे सुनना और उनके समाधान के लिए संवेदनशील एवं प्रभावी पहल करना है। उन्होंने विशेष रूप से पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के साथ देखने की बात कही।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले खिलाड़ियों ने भी राज्यपाल से मुलाकात की। मलेशिया में आयोजित द्वितीय एशियन पैरा थ्रो-बॉल प्रतियोगिता में पदक जीतने वाले दिव्यांग खिलाड़ियों ने अपनी उपलब्धियों से राज्यपाल को अवगत कराया। राज्यपाल ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी उपलब्धियों की सराहना की।

लोक मिलन कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों को दिए गए निर्देशों से फरियादियों को अपनी समस्याओं के शीघ्र समाधान की उम्मीद जगी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.