श्रीनगर की खूबसूरती पर फिदा हुए अमेरिकी राजदूत, डल झील ने मोहा मन

नई दिल्ली। भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के दो दिवसीय दौरे पर बुधवार को श्रीनगर पहुंचे। दौरे के दौरान उन्होंने कश्मीर की प्राकृतिक खूबसूरती का करीब से अनुभव किया और श्रीनगर की खूबसूरती की जमकर तारीफ की। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपनी यात्रा की तस्वीरें साझा करते हुए श्रीनगर के अनुभव को शानदार बताया।

सर्जियो गोर ने अपनी पोस्ट में बताया कि उन्होंने ऐतिहासिक परी महल और प्रसिद्ध डल झील की सैर की। उन्होंने श्रीनगर की प्राकृतिक सुंदरता की प्रशंसा करते हुए कहा कि यहां की खूबसूरती का अनुभव करना बेहद शानदार रहा। उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर भी कश्मीर की खूबसूरती को लेकर चर्चा शुरू हो गई।

श्रीनगर में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में अमेरिकी राजदूत ने जम्मू-कश्मीर से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी बात की। उन्होंने संकेत दिया कि अमेरिका जम्मू-कश्मीर के लिए जारी अपने यात्रा परामर्श की समीक्षा कर सकता है। गोर के मुताबिक, केंद्र सरकार और जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला की ओर से क्षेत्र को अधिक सुरक्षित बनाने के लिए उठाए गए कदमों को ध्यान में रखते हुए इस दिशा में समीक्षा की जाएगी।

उन्होंने जम्मू-कश्मीर को भारत का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए इसकी प्राकृतिक सुंदरता की भी सराहना की। राजदूत का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब जम्मू-कश्मीर में पर्यटन को बढ़ावा देने और विदेशी पर्यटकों का भरोसा मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है।

सर्जियो गोर का श्रीनगर दौरा केवल पर्यटन स्थलों की यात्रा तक सीमित नहीं रहा। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की सुरक्षा और मौजूदा परिस्थितियों को भी समझने की कोशिश की। यात्रा परामर्श की संभावित समीक्षा को लेकर उनके बयान को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

राजदूत के श्रीनगर दौरे से एक ओर जहां कश्मीर की प्राकृतिक सुंदरता को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फिर चर्चा मिली है, वहीं दूसरी ओर अमेरिकी यात्रा परामर्श में संभावित बदलाव की उम्मीद भी जगी है। अब नजर इस बात पर रहेगी कि अमेरिका समीक्षा के बाद जम्मू-कश्मीर को लेकर अपने यात्रा परामर्श में क्या बदलाव करता है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.