देवीधुरा में जाम से मिलेगी राहत, 9.80 करोड़ की मल्टी लेवल पार्किंग को मंजूरी

देहरादून। चंपावत के प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन स्थल देवीधुरा में पार्किंग की समस्या से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के बाद ग्राम देचमार, तहसील पाटी में प्रस्तावित मल्टी लेवल पार्किंग परियोजना को विभागीय व्यय समिति ने करीब 9.80 करोड़ रुपये की सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। अब परियोजना का प्रस्ताव वित्त विभाग को भेजा जाएगा।

देवीधुरा में प्रसिद्ध बग्वाल मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में वाहनों की संख्या अचानक बढ़ने से क्षेत्र में पार्किंग की समस्या गंभीर हो जाती है। पर्याप्त पार्किंग स्थान नहीं होने के कारण लोग सड़क किनारे वाहन खड़े करने को मजबूर होते हैं, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है और कई बार जाम की स्थिति बन जाती है।

83 कारों के लिए होगी पार्किंग

परियोजना के लिए पहले 994.80 लाख रुपये का आगणन तैयार किया गया था। पांच करोड़ रुपये से अधिक की लागत होने के कारण नियोजन विभाग के तकनीकी संप्रेक्षा प्रकोष्ठ (TAC) से इसका परीक्षण कराया गया। परीक्षण के बाद 980.23 लाख रुपये की लागत को उचित माना गया। इसी आधार पर विभागीय व्यय समिति ने सैद्धांतिक सहमति प्रदान की है।

पार्किंग निर्माण के लिए ग्राम देचमार पट्टी देवीधुरा में करीब 0.88 हेक्टेयर पंचायत वन भूमि चिन्हित की गई है। यह भूमि देवीधुरा मेला क्षेत्र के नजदीक सड़क से लगी हुई है। परियोजना में पर्यावरणीय प्रावधानों को भी शामिल किया गया है। क्षतिपूरक वनीकरण सहित विभिन्न पर्यावरणीय योजनाओं के लिए करीब 34.66 लाख रुपये कैंपा कोष में जमा किए जाने हैं, जिसकी राशि मूल आगणन में शामिल है।

दुकानों-कैफे का प्रावधान हटाया

बैठक में सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति विभाग डॉ. आर. राजेश कुमार ने परियोजना को क्षेत्र की वास्तविक जरूरत के अनुरूप रखने के निर्देश दिए। इसके तहत प्रस्तावित दोपहिया पार्किंग, दुकानों और कैफे के प्रावधान को हटाकर 83 कारों की पार्किंग सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है। पार्किंग परिसर में शौचालय और केयरटेकर रूम की व्यवस्था भी प्रस्तावित है।

अधिकारियों के अनुसार मल्टी लेवल पार्किंग बनने से देवीधुरा आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुविधा मिलेगी तथा बग्वाल मेले के दौरान यातायात दबाव कम करने में भी मदद मिलेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.