देहरादून: चारधाम यात्रा के दौरान सुरक्षा और व्यवस्थाओं की निगरानी को और बेहतर बनाने के लिए सार्वजनिक क्षेत्र की प्रमुख ऊर्जा कंपनी ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉर्पोरेशन (ओएनजीसी) ने उत्तराखंड पुलिस के चारधाम यात्रा कंट्रोल रूम को आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराए हैं। यह सहयोग ओएनजीसी ने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत गैर-सरकारी संस्था देवभूमि पहाड़ समिति के सहयोग से किया।
गढ़वाल मंडल पुलिस परिक्षेत्र कार्यालय में आयोजित एक सादे कार्यक्रम में ओएनजीसी के मुख्य महाप्रबंधक एवं प्रधान मानव संसाधन सेवाएं नीरज कुमार शर्मा ने रिबन काटकर उपकरण चारधाम पुलिस कंट्रोल रूम को सौंपे। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक एवं चारधाम यात्रा के नोडल अधिकारी लोकजीत सिंह भी मौजूद रहे।
कंट्रोल रूम को दिए गए उपकरणों में इंटरैक्टिव पैनल, 85 इंच का एलईडी स्मार्ट टीवी, कैनन कलर प्रिंटर, माइक्रोफोन और साउंड सिस्टम के साथ चारधाम यात्रा के लिए तैयार किया गया डैशबोर्ड ऐप शामिल है। इन संसाधनों की मदद से यात्रा मार्गों की निगरानी, सूचनाओं के आदान-प्रदान और सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित गतिविधियों को अधिक प्रभावी तरीके से संचालित करने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान नीरज कुमार शर्मा ने बताया कि ओएनजीसी उत्तराखंड में शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और स्वच्छता जैसे सामाजिक सरोकारों से जुड़े क्षेत्रों में लगातार काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों में कंपनी ने सीएसआर के तहत उत्तराखंड में 250 करोड़ रुपये से अधिक की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई है।
उन्होंने यह भी बताया कि विभिन्न प्रस्तावों के माध्यम से प्रदेश के 2500 से अधिक सरकारी विद्यालयों को फर्नीचर, कंप्यूटर और अन्य जरूरी सामग्री उपलब्ध कराई जा चुकी है।
इस मौके पर पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरूप ने ओएनजीसी के सामाजिक कार्यों की सराहना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी पुलिस और प्रशासन को इसी तरह सहयोग मिलता रहेगा।
कार्यक्रम में ओएनजीसी, पुलिस विभाग और देवभूमि पहाड़ समिति के कई अधिकारी एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।