भरूच। गुजरात के भरूच जिले में सोमवार सुबह एक औद्योगिक इकाई में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। दहेज स्थित जीआईडीसी क्षेत्र में ‘विझन प्रोडक्ट्स’ के वेयरहाउस में लगी आग देखते ही देखते काफी फैल गई। आग की ऊंची लपटों के साथ उठते काले धुएं के घने गुबार ने आसपास के इलाके को अपनी चपेट में ले लिया।
आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। आग की तीव्रता को देखते हुए दमकलकर्मी लगातार पानी और केमिकल फोम का इस्तेमाल कर आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं। औद्योगिक क्षेत्र में आग फैलने की आशंका को देखते हुए संबंधित सुरक्षा एजेंसियों को भी सतर्क कर दिया गया है।
स्थानीय पुलिस और औद्योगिक सुरक्षा से जुड़े अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। प्रशासन की ओर से आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष नजर रखी जा रही है, ताकि आग की लपटें दूसरी औद्योगिक इकाइयों तक न पहुंच सकें।
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। शुरुआती स्तर पर यह भी स्पष्ट नहीं है कि जिस समय वेयरहाउस में आग लगी, उस दौरान वहां कितने कर्मचारी मौजूद थे। अधिकारियों की ओर से घटनास्थल पर स्थिति का आकलन किया जा रहा है और आग पूरी तरह बुझने के बाद नुकसान का विस्तृत अनुमान सामने आने की उम्मीद है।
हादसे में किसी व्यक्ति के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है। प्रशासन और दमकल विभाग की प्राथमिकता आग को पूरी तरह नियंत्रित करने के साथ आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित रखना है।
घटना के बाद जीआईडीसी क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। बड़ी संख्या में उठते धुएं के कारण दूर-दूर तक लोगों का ध्यान घटनास्थल की ओर गया। अधिकारियों की निगरानी में दमकलकर्मी आग पर काबू पाने में जुटे हुए हैं। आग के कारणों और संभावित नुकसान को लेकर जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।