नई दिल्ली। भाजपा नेता और राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने एक बार फिर पार्टी के सभी पदों से अपना इस्तीफा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को भेजा है। उन्होंने पार्टी नेतृत्व से इस बार इस्तीफा स्वीकार करने का अनुरोध किया है। इससे पहले भी पूनावाला ने 30 जुलाई को इस्तीफा भेजा था, लेकिन उस समय पार्टी की ओर से इसे स्वीकार नहीं किया गया था।
पूनावाला ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए अपने फैसले की जानकारी सार्वजनिक की। उन्होंने कहा कि उन्होंने दोबारा भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन को अपना इस्तीफा भेज दिया है और उम्मीद जताई कि इस बार उनके अनुरोध को स्वीकार कर लिया जाएगा।
इस्तीफा देने के साथ ही पूनावाला ने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार भी जताया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, जेपी नड्डा और बीएल संतोष का विशेष रूप से उल्लेख करते हुए कहा कि उन्हें इन नेताओं से लगातार मार्गदर्शन और सहयोग मिला।
उन्होंने भाजपा और व्यापक संघ परिवार द्वारा दिए गए अवसरों के लिए भी कृतज्ञता व्यक्त की। पूनावाला ने कहा कि एक युवा, पसमांदा मुस्लिम और गैर-वंशवादी व्यक्ति के रूप में उन्हें भाजपा में अपनी बात रखने और काम करने का मंच मिला। उन्होंने पार्टी में मिले अवसरों को अपने राजनीतिक सफर का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।
पूनावाला ने कहा कि वह उस पार्टी और राष्ट्रीय प्रवक्ता के पद को अलविदा कह रहे हैं, जिसे वह बेहद पसंद करते हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पार्टी के पद से अलग होने के बावजूद ‘विकसित भारत’ और ‘मेक इंडिया ग्रेट अगेन’ के मिशन तथा विजन के प्रति उनका समर्पण जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि इन लक्ष्यों को लेकर उनका उत्साह और जुनून पहले से भी अधिक रहेगा। अब सभी की नजरें इस बात पर हैं कि भाजपा नेतृत्व उनके दोबारा भेजे गए इस्तीफे को स्वीकार करता है या नहीं।