‘वंदे मातरम’ पर विवाद गहराया, सोनिया-राहुल के खिलाफ पुलिस में शिकायत

स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान कांग्रेस मुख्यालय में ‘वंदे मातरम’ के गायन को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ दिल्ली पुलिस में आपराधिक शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायतकर्ताओं ने दोनों नेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष और समयबद्ध जांच की मांग की है।

शिकायत वकील कुणाल विनायक और शुभ शर्मा की ओर से दायर की गई है। इसमें राष्ट्रीय सम्मान के अपमान की रोकथाम (संशोधन) विधेयक, 2026 का हवाला दिया गया है। शिकायत में दावा किया गया है कि प्रस्तावित संशोधित प्रावधान के तहत राष्ट्रगान या राष्ट्रगीत के गायन को जानबूझकर रोकने अथवा उसमें बाधा डालने पर तीन साल तक की सजा, जुर्माना या दोनों का प्रावधान हो सकता है।

शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि नई दिल्ली स्थित इंदिरा भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सोनिया गांधी के कथित इशारों और बातचीत से ऐसा प्रतीत हुआ कि उन्हें ‘वंदे मातरम’ के गायन पर आपत्ति थी। शिकायत में कथित वीडियो फुटेज का भी उल्लेख किया गया है। इसमें राहुल गांधी के एक कथित बयान का हवाला देते हुए मामले की जांच की मांग की गई है। शिकायतकर्ताओं ने कहा है कि वीडियो और घटनाक्रम की जांच के बाद ही वास्तविक मंशा स्पष्ट हो सकेगी।

विवाद के बाद बीजेपी ने कांग्रेस नेतृत्व पर हमला बोला और सोनिया गांधी से देश से माफी मांगने की मांग की। दूसरी ओर, कांग्रेस ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि पार्टी की ओर से राष्ट्रगीत के पूरे संस्करण को गाने से रोकने का कोई प्रयास नहीं किया गया था। कांग्रेस ने ‘वंदे मातरम’ के बाद के छंदों में धार्मिक प्रतीकों के उल्लेख को लेकर भी अपनी आपत्ति का पक्ष रखा।

दिल्ली पुलिस ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए कहा है कि मामले की जांच की जा रही है। इस बीच ओडिशा और बेंगलुरु में भी कांग्रेस नेताओं के खिलाफ शिकायतें दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। बेंगलुरु में बीजेपी युवा मोर्चा ने विरोध प्रदर्शन कर सोनिया और राहुल गांधी से माफी की मांग की है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.