दून लाइब्रेरी में दिखेगा विभाजन का दर्द, 14 अगस्त से खास प्रदर्शनी

देहरादून। भारत विभाजन की पीड़ा, विस्थापन और उस दौर से जुड़ी मार्मिक स्मृतियों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से देहरादून में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन आयोजनों के जरिए वर्ष 1947 के विभाजन के दौरान लाखों लोगों द्वारा झेले गए संघर्ष, विस्थापन और मानवीय त्रासदी को याद किया जाएगा।

इसी क्रम में 14 अगस्त से दून लाइब्रेरी एवं शोध केंद्र में तीन दिवसीय फोटो एवं फिल्म प्रदर्शनी आयोजित होगी। प्रदर्शनी में विभाजन से जुड़ी ऐतिहासिक घटनाओं, विस्थापन और उस समय के सामाजिक हालात को तस्वीरों और फिल्मों के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। आम लोग 14, 15 और 16 अगस्त को सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तक प्रदर्शनी का अवलोकन कर सकेंगे।

आयोजकों का कहना है कि विभाजन केवल इतिहास का एक अध्याय नहीं, बल्कि लाखों परिवारों की पीड़ा और संघर्ष से जुड़ी स्मृति है। ऐसे में प्रदर्शनी के माध्यम से नई पीढ़ी को उस दौर की परिस्थितियों और उसके मानवीय पक्ष से परिचित कराने का प्रयास किया जा रहा है। इसका उद्देश्य इतिहास को याद रखने के साथ-साथ राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव का संदेश देना भी है।

वहीं, 14 अगस्त की शाम 6:30 बजे नगर निगम देहरादून के जुगमन्दर हॉल में भव्य कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर कवि अपनी रचनाएं प्रस्तुत करेंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी प्रतिभाग करेंगे।

कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर अधिकारियों ने संबंधित विभागों के साथ व्यवस्थाओं की समीक्षा की। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) केके मिश्रा, सिटी मजिस्ट्रेट राकेश चंद्र तिवारी, एसडीएम रवींद्र ज्वांठा, डीडीओ सुनील कुमार और जिला पर्यटन विकास अधिकारी जसपाल चौहान सहित संस्कृति, शिक्षा एवं अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

प्रशासन ने लोगों से इन कार्यक्रमों में भाग लेकर विभाजन की स्मृतियों को समझने और राष्ट्रीय एकता व सामाजिक सौहार्द के संदेश को आगे बढ़ाने की अपील की है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.