नई दिल्ली, स्वतंत्रता दिवस से पहले राजधानी दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है। किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि को रोकने और सुरक्षा में कोई चूक न हो, इसके लिए दिल्ली पुलिस ने मंगलवार देर रात राजधानी के अलग-अलग इलाकों में मेगा सुरक्षा अभियान चलाया। रात 11 बजे से करीब 2 बजे तक पुलिस की टीमें सड़कों पर तैनात रहीं और लगातार गश्त के साथ वाहनों की सघन जांच की गई।
द्वारका मोड़ पर पुलिसकर्मियों ने विशेष सतर्कता बरतते हुए देर रात तक पेट्रोलिंग की। यहां से गुजरने वाले वाहनों को रोककर उनकी बारीकी से जांच की गई। पुलिस ने कारों की अंदर और बाहर से तलाशी ली तथा आवश्यक सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद ही वाहनों को आगे जाने की अनुमति दी। अभियान के दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी गई।
उत्तम नगर में भी पुलिस टीमों ने मुख्य मार्गों पर बैरिकेडिंग और चेकिंग अभियान चलाया। यहां गुजरने वाले वाहनों को रोककर दस्तावेजों और वाहन संबंधी जानकारी की जांच की गई। पुलिसकर्मी संदिग्ध लोगों और वाहनों की गतिविधियों पर भी लगातार नजर रखते रहे।
इसी क्रम में सीलमपुर इलाके में भी देर रात पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई गई। यहां संदिग्ध वाहनों और लोगों की पहचान तथा गतिविधियों की निगरानी की गई। वहीं पश्चिमी दिल्ली के मोती नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर पिकेट लगाकर आने-जाने वाले वाहनों की जांच की।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे। संवेदनशील इलाकों, प्रमुख मार्गों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस की अतिरिक्त तैनाती के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि 15 अगस्त के कार्यक्रमों को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी।