देहरादून। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत देहरादून में बुधवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। मसूरी विधानसभा क्षेत्र के श्रीदेव सुमन नगर मंडल की ओर से आयोजित इस यात्रा का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने किया। यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, युवा, स्थानीय जनप्रतिनिधि और क्षेत्रवासी शामिल हुए।
तिरंगा यात्रा की शुरुआत मधुबन होटल से हुई। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर बड़ी संख्या में लोग यात्रा में शामिल हुए और देशभक्ति के नारों के साथ आगे बढ़े। यात्रा मधुबन होटल से शुरू होकर दिलाराम चौक होते हुए हाथीबड़कला पहुंची, जहां इसका समापन किया गया। पूरे मार्ग में लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान देशभक्ति की भावना को मजबूत करने और नागरिकों को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का स्मरण कराने का माध्यम है। उन्होंने लोगों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों में तिरंगा फहराने और अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से समाज में राष्ट्रप्रेम की भावना मजबूत होती है और युवा पीढ़ी को देश के स्वतंत्रता संग्राम तथा स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान से जुड़ने का अवसर मिलता है।
तिरंगा यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में खासा जोश नजर आया। बड़ी संख्या में युवाओं की भागीदारी ने आयोजन को और भव्य बना दिया। यात्रा के दौरान पूरे मार्ग पर देशभक्ति का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम में दायित्वधारी कैलाश पंत, राज्यमंत्री डॉ. देवेंद्र भसीन, दायित्वधारी श्मशेर सिंह बिष्ट, मंडल अध्यक्ष प्रदीप रावत समेत बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, स्थानीय जनप्रतिनिधि और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।