नई दिल्ली, देश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। इसके चलते अगले 48 घंटों के दौरान 19 राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बुधवार को कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड से लेकर पहाड़ी राज्यों तक मौसम में बड़ा बदलाव आने की संभावना है।
आईएमडी के अनुसार उत्तर-पश्चिमी मध्य प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में बना कम दबाव का क्षेत्र बारिश को सक्रिय कर रहा है। इसके अलावा मानसून ट्रफ राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, झारखंड और पश्चिम बंगाल से होकर बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में एक और कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके मजबूत होने पर पूर्वी और मध्य भारत में बारिश का सिलसिला आगे भी जारी रह सकता है।
मौसम विभाग ने पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में बेहद भारी बारिश की आशंका जताई है। हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी मध्य प्रदेश, गुजरात और ओडिशा में भी भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश के साथ आंधी की चेतावनी है। मेरठ, गौतमबुद्ध नगर, अलीगढ़, आगरा, मथुरा, कानपुर, बहराइच, वाराणसी, सोनभद्र, मिर्जापुर, प्रयागराज और गोरखपुर समेत कई क्षेत्रों में हवाओं की रफ्तार 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। दिल्ली-एनसीआर में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है।
हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्यों में बारिश के साथ भूस्खलन और अचानक तेज बहाव वाली धाराओं का खतरा बढ़ सकता है। वहीं कई मैदानी राज्यों में जलभराव, ट्रैफिक जाम और बिजली-पेड़ गिरने जैसी समस्याएं सामने आ सकती हैं। मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने और स्थानीय प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।