नासिक में फिर कांपी धरती, घरों की दीवारों में आई दरारें

नासिक,  महाराष्ट्र के नासिक जिले में शनिवार रात और रविवार सुबह आए भूकंप के झटकों से लोगों में दहशत फैल गई। शनिवार रात करीब 10 बजे 4.3 तीव्रता का भूकंप आया। इसके बाद रविवार सुबह 5 बजकर 33 मिनट पर 3.3 तीव्रता का एक और झटका महसूस किया गया। लगातार दो झटकों के बाद कई इलाकों में लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए।

राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, शनिवार रात आए भूकंप का केंद्र महाराष्ट्र-गुजरात सीमा के पास भनवड इलाके में जमीन से करीब पांच किलोमीटर नीचे था। कम गहराई पर भूकंप का केंद्र होने के कारण इसके झटके आसपास के क्षेत्रों में अपेक्षाकृत ज्यादा महसूस किए गए।

भूकंप के प्रभाव से नासिक शहर के अलावा सुरगाणा और दिंडोरी तहसीलों के कुछ गांवों में मकानों की दीवारों में दरारें आने की जानकारी सामने आई है। झटके महसूस होते ही लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई परिवार एहतियात के तौर पर घरों से निकलकर खुले स्थानों पर पहुंच गए। हालांकि, जिला प्रशासन ने अब तक किसी व्यक्ति की मौत या घायल होने की पुष्टि नहीं की है।

भूकंप के बाद नासिक जिला प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति का जायजा लिया। क्षेत्र में मौजूद बांधों और अन्य महत्वपूर्ण संरचनाओं का भी निरीक्षण कराया गया। अधिकारियों के मुताबिक, जांच के दौरान बांधों को किसी तरह का नुकसान नहीं मिला है। प्रशासन ने लोगों से संयम बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाह पर भरोसा नहीं करने की अपील की है।

अधिकारियों ने लोगों से सतर्क रहने और भूकंप के दौरान सुरक्षा संबंधी सावधानियां बरतने को कहा है। गौरतलब है कि नासिक जिले में इससे पहले भी 25 से 28 जुलाई के बीच तथा 6 अगस्त को हल्के भूकंपीय झटके महसूस किए गए थे। लगातार महसूस हो रहे झटकों के कारण स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है। प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां कर रहा है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.