After Header-1

‘हर घर तिरंगा’ 2026 में होगा कुछ खास, सरकार ने किए बड़े ऐलान

नई दिल्ली। स्वतंत्रता दिवस 2026 से पहले केंद्र सरकार ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि भारत की सभ्यतागत निरंतरता, राष्ट्रीय स्वाभिमान और करोड़ों देशवासियों के सामूहिक संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रगान और ‘वंदे मातरम’ भारत की राष्ट्रीय चेतना के स्वर हैं, जबकि तिरंगा देश के लिए बलिदान देने वाले वीरों की अमर स्मृति का प्रतीक है।

दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र (आईजीएनसीए) में आयोजित प्रेस वार्ता में शेखावत ने बताया कि इस वर्ष ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को विशेष रूप से मनाया जाएगा। नागरिक अभियान के आधिकारिक पोर्टल पर संगीत के साथ ‘वंदे मातरम’ गाकर अपनी फोटो और वीडियो भी अपलोड कर सकेंगे।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि दुनिया भर में स्थित 200 से अधिक भारतीय मिशन इस अभियान के तहत सांस्कृतिक और डिजिटल कार्यक्रम आयोजित करेंगे। फिजी से लेकर अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को तक 54 भारतीय मिशनों को जोड़ने वाला ‘सूर्यपथ तिरंगा’ डिजिटल रिले अभियान इस बार का प्रमुख आकर्षण होगा। इसके अलावा विदेशों में सामूहिक ‘वंदे मातरम’ गायन, ‘भारत को जानिए’ क्विज, ‘माई इंडिया, माई स्टोरी’, ‘इंडिया थ्रू माई लेंस’ फोटोग्राफी प्रतियोगिता और तिरंगा सेल्फी अभियान भी आयोजित किए जाएंगे।

आईजीएनसीए के सदस्य सचिव डॉ. सच्चिदानंद जोशी ने बताया कि देशभर में एक लाख से अधिक स्थानों पर प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी और करीब 75 विश्वविद्यालयों में संगोष्ठियां आयोजित होंगी। साथ ही विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के तहत विभाजन से जुड़ी कहानियों, संस्मरणों और दस्तावेजों के संग्रह के लिए एक विशेष डिजिटल आर्काइव भी तैयार किया गया है।

अभियान का आधिकारिक पोर्टल 9 से 17 अगस्त तक सक्रिय रहेगा। नागरिक तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी अपलोड कर इस राष्ट्रव्यापी अभियान का हिस्सा बन सकेंगे। पिछले वर्ष इस पोर्टल पर 7.51 करोड़ से अधिक सेल्फियां अपलोड होने का रिकॉर्ड दर्ज किया गया था।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.