52 लाख का विवाद खत्म, अब सिनेमाघरों में डराएगी सनी लियोनी की ‘चुड़ैल’

इंदौर। करीब दो साल से रिलीज का इंतजार कर रही फिल्म ‘चुड़ैल’ के सिनेमाघरों में पहुंचने का रास्ता अब साफ हो गया है। फिल्म से जुड़े 52 लाख रुपये के वित्तीय विवाद का समाधान होने के बाद निर्माता कंपनी ने फाइनेंसर की बकाया राशि वापस कर दी है। इसके बाद मध्यप्रदेश हाईकोर्ट की इंदौर खंडपीठ के निर्देशों का पालन भी हो गया है। अब फिल्म के जल्द भारतीय सिनेमाघरों में रिलीज होने की उम्मीद है।

फिल्म में अभिनेत्री सनी लियोनी चुड़ैल के किरदार में नजर आएंगी। बताया जा रहा है कि फिल्म में वह डरावने अंदाज के साथ अपने अलग अभिनय और मनोरंजन शैली से दर्शकों का मनोरंजन करती दिखाई देंगी। फिल्म निर्माण के दौरान ही कई विवादों में घिर गई थी, जिसके चलते इसका प्रदर्शन लंबे समय तक अटका रहा।

खास बात यह है कि फिल्म का नाम भी तीन बार बदला गया। निर्माण के शुरुआती दौर में इसका नाम ‘कोका-कोला’ रखा गया था। इसी नाम से एक लोकप्रिय शीतल पेय ब्रांड होने के कारण फिल्म का नाम बदलकर ‘लकी’ किया गया। बाद में सामने आया कि इस नाम से पहले भी फिल्म मौजूद है। इसके बाद निर्माताओं ने फिल्म का नाम बदलकर ‘चुड़ैल’ कर दिया।

मामला वर्ष 2019 में शुरू हुआ, जब मुंबई की फिल्म निर्माण कंपनी शुगर एंड स्पाइस प्रोडक्शन ने इंदौर के फिल्म फाइनेंसर राजवीर फाइनेंस एंड सिक्योरिटीज के संजय बिंदल से 52 लाख रुपये उधार लिए थे। समझौते के अनुसार फिल्म पूरी होने के बाद यह रकम वापस की जानी थी। आरोप है कि राशि वापस नहीं की गई, जिसके बाद संजय बिंदल ने इंदौर के एमआईजी थाने में कंपनी के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कराया।

इसके बाद निर्माता कंपनी ने हाईकोर्ट का रुख किया। सुनवाई के दौरान अदालत ने कंपनी को अग्रिम जमानत का लाभ देते हुए संबंधित फाइनेंसर की बकाया राशि लौटाने के निर्देश दिए। अब निर्माता कंपनी ने 52 लाख रुपये का भुगतान कर दिया है

राशि लौटाए जाने के बाद फिल्म से जुड़ा वित्तीय विवाद समाप्त हो गया है। ऐसे में लंबे समय से अटकी ‘चुड़ैल’ की रिलीज का रास्ता खुल गया है। हालांकि, फिल्म की आधिकारिक रिलीज डेट की घोषणा अभी बाकी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.