LPG Cylinder Price Cut: कमर्शियल सिलेंडर 209 तक सस्ता

नई दिल्ली, 1 अगस्त। अगस्त महीने की शुरुआत होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के लिए राहत भरी खबर लेकर आई है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 200 रुपये से ज्यादा की कटौती की है। नई दरें 1 अगस्त से लागू हो गई हैं। हालांकि, घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

नई कीमतों के मुताबिक दिल्ली में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर 202 रुपये सस्ता हुआ है। कटौती के बाद यहां 19 किलो के सिलेंडर की कीमत 2,728 रुपये हो गई है। वहीं, कोलकाता में इसकी कीमत में 209 रुपये की कमी की गई है और अब यहां सिलेंडर 2,872.50 रुपये में मिलेगा।

घरेलू उपभोक्ताओं के लिए इस महीने भी कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। दिल्ली में 14.2 किलोग्राम का घरेलू एलपीजी सिलेंडर 942 रुपये, मुंबई में 941.50 रुपये, कोलकाता में 968 रुपये और चेन्नई में 957.50 रुपये में उपलब्ध रहेगा। अलग-अलग राज्यों में स्थानीय टैक्स और वैट के कारण कीमतों में मामूली अंतर हो सकता है।

लगातार दूसरे महीने कम हुए दाम

कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में यह लगातार दूसरे महीने कटौती है। इससे पहले 1 जुलाई को भी तेल कंपनियों ने 19 किलो के सिलेंडर के दाम में 183.50 रुपये तक की कमी की थी। हालांकि, इससे पहले इस साल जनवरी से जून के बीच कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में सात बार बढ़ोतरी की गई थी। मार्च में ही दो बार दाम बढ़ाए गए थे।

उस दौरान पश्चिम एशिया में तनाव और वैश्विक स्तर पर सप्लाई से जुड़ी चुनौतियों के चलते ईंधन की कीमतों पर दबाव बना था। अब लगातार दो महीनों में कटौती से कारोबारियों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

कारोबारियों की लागत पर पड़ेगा असर

19 किलो के कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर का इस्तेमाल मुख्य रूप से होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा, कैटरिंग और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में होता है। सिलेंडर के दाम कम होने से इन कारोबारों की ईंधन लागत में कमी आ सकती है। इसका असर भोजन और अन्य सेवाओं की लागत पर भी पड़ने की संभावना है। हालांकि, इसका अंतिम लाभ ग्राहकों तक कितना पहुंचेगा, यह कारोबारियों की लागत और स्थानीय बाजार की स्थिति पर निर्भर करेगा।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.