संगरूर BJP कार्यालय पर पेट्रोल बम हमला, पुलिस ने शुरू की बड़ी जांच

चंडीगढ़। पंजाब के संगरूर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिला कार्यालय पर देर रात हुए पेट्रोल बम हमले ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना रविवार और सोमवार की दरमियानी रात करीब 2:30 से 3:00 बजे के बीच हुई। हमलावरों ने कांच की बोतल में पेट्रोल भरकर भाजपा कार्यालय परिसर की ओर फेंका, जिससे आग लग गई और कार्यालय की दीवार का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

घटना की जानकारी सोमवार सुबह कार्यालय के केयरटेकर ने भाजपा नेताओं को दी। इसके बाद पुलिस प्रशासन तुरंत मौके पर पहुंचा और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। संगरूर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) देवेंद्र अत्री ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। डीएसपी दलबीर सिंह और स्थानीय थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस की कई टीमें घटना की जांच में जुटी हैं।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि हमलावरों ने कार्यालय के आउटडोर गार्डन की दीवार के ऊपर से पेट्रोल से भरी बोतल फेंकी, जो इमारत के दो हिस्सों के बीच जाकर गिरी। घटनास्थल पर आग लगने के स्पष्ट निशान मिले हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

भाजपा नेता रणदीप देओल ने बताया कि सोमवार सुबह केयरटेकर ने उन्हें कार्यालय में आग लगने की सूचना दी और तस्वीरें भी भेजीं। इसके बाद उन्होंने तत्काल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष केवल ढिल्लों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है और दोषियों की पहचान होते ही उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एहतियात के तौर पर भाजपा कार्यालय की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले 1 अप्रैल 2026 को चंडीगढ़ स्थित भाजपा मुख्यालय पर ग्रेनेड हमला भी हुआ था। ऐसे में लगातार हो रही घटनाओं ने राजनीतिक दलों के कार्यालयों की सुरक्षा को लेकर नई चिंता पैदा कर दी है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.