रुद्रपुर में बिछी शतरंज की बिसात, 300 खिलाड़ियों के बीच कौन बनेगा चैंपियन?

ऊधमसिंह नगर के रुद्रपुर स्थित मनोज सरकार स्टेडियम में प्रथम स्वर्गीय धीरज सिंह रघुवंशी मेमोरियल ओपन अंतरराष्ट्रीय शतरंज प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। चार दिवसीय यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 23 से 26 जुलाई तक आयोजित की जा रही है, जिसमें भारत और नेपाल के करीब 300 खिलाड़ी अपनी रणनीति, कौशल और मानसिक क्षमता का प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रतियोगिता के विजेता को 4 लाख रुपये की आकर्षक पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।

प्रतियोगिता का उद्घाटन जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जनपद में पहली बार इस स्तर की अंतरराष्ट्रीय शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन होना गर्व की बात है। इससे स्थानीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ प्रतिस्पर्धा करने का अवसर मिलेगा और उनकी प्रतिभा को नई पहचान मिलेगी।

समारोह के दौरान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतकर उत्तराखंड का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों राहुल सिंह बोहरा और कुणाल सिंह नेगी को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उनकी उपलब्धियों की सराहना करते हुए आयोजकों ने उन्हें प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बताया।

मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शास्त्री ने कहा कि जिला प्रशासन खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। वहीं, देवभूमि शतरंज एसोसिएशन के महासचिव संजीव चौधरी ने प्रतियोगिता की रूपरेखा और आयोजन की जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य उत्तराखंड में शतरंज को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना और युवा प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराना है।

कार्यक्रम में उत्तराखंड ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव डी.डी. के सिंह, कोषाध्यक्ष सीमा सिंह, जिला क्रीड़ा अधिकारी जानकी कार्की, अंतरराष्ट्रीय सीनियर आर्बिटर आर.सी. तिवारी सहित अनेक खेल प्रेमी, खिलाड़ी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। प्रतियोगिता के मुकाबलों को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.