उत्तराखंड के लोक निर्माण मंत्री सतपाल महाराज ने शुक्रवार को मसूरी क्षेत्र में भारी बारिश से क्षतिग्रस्त सड़क और निर्माणाधीन डबल लेन पुल का औचक निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्माण कार्य तय समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सड़क और पुल का निर्माण कार्य तेजी से पूरा किया जाए, ताकि देहरादून-मसूरी मार्ग पर यातायात सामान्य रूप से संचालित हो सके और लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
लोक निर्माण मंत्री ने सबसे पहले मसूरी के कोल्हूखेत स्थित पानी वाले बैंड के पास उस स्थान का निरीक्षण किया, जहां 20 जुलाई की रात भारी बारिश के कारण लगभग 20 मीटर सड़क और पुश्ता क्षतिग्रस्त हो गया था। इस घटना के बाद मार्ग की चौड़ाई घटकर करीब 2.50 मीटर रह गई थी। विभाग ने तत्काल जेसीबी मशीनों की सहायता से मरम्मत कार्य शुरू कर दिया था। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अतिरिक्त पहाड़ कटान और सुरक्षात्मक कार्यों में तेजी लाकर जल्द से जल्द सड़क को पूरी तरह सुरक्षित और सुचारु बनाया जाए।
उन्होंने बताया कि उत्तराखंड की स्लोप ट्रीटमेंट विशेषज्ञ संस्था यूएलएलएमसी (ULLMC) ने भी मोटर मार्ग के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण किया है। विशेषज्ञों की रिपोर्ट के आधार पर भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा संबंधी कार्य शीघ्र शुरू किए जाएंगे, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
इसके बाद सतपाल महाराज ने देहरादून-मसूरी राज्य मार्ग पर क्षतिग्रस्त सिंगल लेन पुल के स्थान पर बन रहे 60 मीटर स्पान के डबल लेन स्टील बॉक्स पुल का भी निरीक्षण किया। लगभग 12 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस आधुनिक पुल का फैब्रिकेशन कार्य पूरी तरह पूरा हो चुका है, जबकि ग्राउंड इरेक्शन और पाइलिंग का कार्य तेजी से जारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं।
निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता राजेश शर्मा, अधीक्षण अभियंता ओ.पी. सिंह तथा अधिशासी अभियंता राजेश कुमार भी मौजूद रहे। मंत्री ने कहा कि सरकार प्रदेश में सुरक्षित और बेहतर सड़क संपर्क सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठा रही है।