दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस), देहरादून में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए छात्र परिषद के पदग्रहण एवं अलंकरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में उत्तराखंड सरकार के माध्यमिक शिक्षा निदेशक विनोद प्रसाद सिमल्टी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य बी.के. सिंह, उप-प्रधानाचार्या सुजाता सिंह, शिक्षकगण, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद विद्यालय के प्रधानाचार्य बी.के. सिंह ने नव-निर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों को नेतृत्व के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि नेतृत्व केवल अधिकार प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, जिम्मेदारी, सेवा और नैतिक मूल्यों का पालन करने की प्रेरणा है। उन्होंने छात्र नेताओं से ईमानदारी, विनम्रता, समर्पण और करुणा के साथ अपने दायित्व निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के सांस्कृतिक सत्र में विद्यार्थियों ने स्वागत गीत और मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित अतिथियों का स्वागत किया। इसके बाद विद्यालय के छह हाउस के छात्रों ने आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। समारोह के दौरान मास्टर यथार्थ राजबीर कुमार को विद्यालय का हेड बॉय और प्रियांशी गैरोला को हेड गर्ल नियुक्त किया गया। साथ ही स्टूडेंट काउंसिल के अन्य पदाधिकारियों, हाउस कैप्टन, वाइस कैप्टन, प्रीफेक्ट, स्पोर्ट्स कैप्टन, कल्चरल सेक्रेटरी तथा एडिटोरियल बोर्ड सेक्रेटरी को भी उनके पदों के बैज प्रदान किए गए।
मुख्य अतिथि विनोद प्रसाद सिमल्टी ने सभी नव-निर्वाचित छात्र नेताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नेतृत्व में ईमानदारी, अनुशासन और संवेदनशीलता सबसे महत्वपूर्ण गुण हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से जिम्मेदारी और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने तथा विद्यालय की गरिमा बनाए रखने का आह्वान किया।
समारोह का समापन उप-प्रधानाचार्या सुजाता सिंह द्वारा छात्र परिषद के सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाने के साथ हुआ। हेड बॉय और हेड गर्ल ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस आयोजन ने विद्यार्थियों में नेतृत्व, जिम्मेदारी और निस्वार्थ सेवा की भावना को और अधिक मजबूत किया।