भारतीय स्मार्टफोन बाजार में एप्पल की पकड़ लगातार मजबूत होती जा रही है। 2026 की दूसरी तिमाही (अप्रैल-जून) में कंपनी की नई आईफोन 17 सीरीज सबसे ज्यादा बिकने वाली आईफोन लाइनअप बनकर उभरी है। ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, इस अवधि में कुल आईफोन शिपमेंट में आईफोन 17 सीरीज की हिस्सेदारी 44 प्रतिशत रही, जो सभी मॉडलों में सबसे अधिक है।
रिपोर्ट के अनुसार, आईफोन 16 सीरीज 40 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ दूसरे स्थान पर रही। वहीं, आईफोन 17ई ने 6 प्रतिशत और आईफोन 16ई ने 5 प्रतिशत हिस्सेदारी दर्ज की। पुराने मॉडल होने के बावजूद आईफोन 15 सीरीज ने भी 4 प्रतिशत बाजार हिस्सेदारी के साथ अपनी मौजूदगी बनाए रखी, जो उपभोक्ताओं के बीच इसकी लगातार मांग को दर्शाता है।
विश्लेषकों का कहना है कि अप्रैल से जून की तिमाही एप्पल के लिए आमतौर पर अपेक्षाकृत धीमी रहती है, क्योंकि इसी दौरान कंपनी अगली पीढ़ी के आईफोन लॉन्च की तैयारियों में जुटी रहती है। इस बार भी आईफोन 18 सीरीज की तैयारी के साथ-साथ मेमोरी सप्लाई से जुड़ी चुनौतियों का असर कंपनी के कुल शिपमेंट पर देखने को मिला। इसके बावजूद आईफोन 17 सीरीज ने भारतीय बाजार में मजबूत प्रदर्शन किया।
रिपोर्ट में एप्पल के टैबलेट कारोबार का भी उल्लेख किया गया है। टैबलेट बाजार में सुस्ती के बावजूद आईपैड 11 सीरीज ने कुल आईपैड शिपमेंट में 55 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल की, जबकि आईपैड एयर 2026 सीरीज 38 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ दूसरे स्थान पर रही।
बाजार अनुसंधान संस्था सीएमआर का अनुमान है कि आगामी त्योहारी सीजन में एप्पल की बिक्री और तेज हो सकती है। खासकर कंपनी के पहले फोल्डेबल आईफोन की संभावित लॉन्चिंग से बाजार में नई मांग पैदा होने की उम्मीद है। हालांकि, सप्लाई चेन से जुड़ी चुनौतियां निकट भविष्य में बनी रह सकती हैं। इसके बावजूद विशेषज्ञों का मानना है कि 2026 के अंत तक एप्पल भारतीय स्मार्टफोन बाजार में करीब 12 प्रतिशत और टैबलेट बाजार में लगभग 30 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल करने में सफल रहेगा।