भारतीय जनता पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नकल और पेपर लीक जैसे मामलों पर सख्त कार्रवाई तथा फास्ट ट्रैक कोर्ट की घोषणा का स्वागत करते हुए इसे छात्रों के भविष्य की सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। पार्टी ने आरोप लगाया कि जहां केंद्र और राज्य सरकारें युवाओं के हित में ठोस फैसले ले रही हैं, वहीं विपक्ष इन मुद्दों का राजनीतिक लाभ उठाने का प्रयास कर रहा है।
भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में कैबिनेट मंत्री खजान दास ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता देश के युवाओं का भविष्य सुरक्षित करना है। उन्होंने कहा कि सरकार नकल और पेपर लीक जैसी समस्याओं को समाप्त करने के लिए कठोर कदम उठा रही है, ताकि युवाओं को पारदर्शी और निष्पक्ष भर्ती एवं परीक्षा प्रणाली मिल सके।
खजान दास ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने अपने संवैधानिक अधिकारों का दुरुपयोग करते हुए प्रधानमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े प्रोटोकॉल का उल्लंघन किया। उन्होंने इसे राजनीतिक प्रपंच बताते हुए कहा कि विपक्ष छात्रों के मुद्दे को समाधान की बजाय राजनीति का माध्यम बना रहा है।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड की धामी सरकार ने नकल और पेपर लीक पर रोक लगाने के लिए ऐतिहासिक और प्रभावी कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में सख्त कानून लागू किए गए हैं, जिससे परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता आई है और युवाओं का विश्वास मजबूत हुआ है।
दीप्ति रावत ने कहा कि भाजपा सरकार का उद्देश्य केवल दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करना नहीं, बल्कि ऐसी व्यवस्था विकसित करना है, जिससे भविष्य में पेपर लीक और नकल जैसी घटनाओं पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके। उन्होंने कहा कि युवाओं को निष्पक्ष अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है और इसी दिशा में लगातार सुधारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं।
भाजपा नेताओं ने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य सरकारों की सख्त नीतियों से प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता बढ़ेगी और छात्रों को योग्यता के आधार पर अवसर मिलेंगे।