‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष ने धामी सरकार पर बोला तीखा हमला
– आशीष कुमार, देहरादून
देहरादून में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने उत्तराखंड के युवाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए धामी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) की भर्ती परीक्षाओं में हुए पेपर लीक, भर्ती प्रक्रियाओं में सामने आई अनियमितताओं और युवाओं के भविष्य से जुड़े सवालों को केंद्र में रखते हुए सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए। खराब मौसम और बारिश के बावजूद कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में पहुंचे युवाओं को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि शिक्षा, रोजगार और युवाओं के भविष्य की लड़ाई में कांग्रेस सड़क से लेकर संसद तक उनके साथ मजबूती से खड़ी रहेगी।
राहुल गांधी ने अपने संबोधन में केवल रोजगार और शिक्षा के मुद्दों तक ही बात सीमित नहीं रखी, बल्कि अंकिता भंडारी हत्याकांड तथा राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में रहे परीक्षा संबंधी विवादों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने की लड़ाई कांग्रेस लगातार लड़ती रहेगी और न्याय मिलने तक यह संघर्ष जारी रहेगा। सामाजिक न्याय और युवाओं के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता देकर उन्होंने सरकार को घेरने का प्रयास किया।
राजनीतिक हलकों में राहुल गांधी के इस कार्यक्रम को आगामी विधानसभा चुनावों की दृष्टि से कांग्रेस के युवा संपर्क अभियान का अहम पड़ाव माना जा रहा है। कार्यक्रम में उमड़ी भीड़ और युवाओं की भागीदारी को लेकर राजनीतिक दल अपने-अपने स्तर पर अलग-अलग आकलन कर रहे हैं।
वहीं, राजनीतिक सूत्रों के अनुसार कांग्रेस की बढ़ती सक्रियता और संभावित सत्ता विरोधी माहौल को देखते हुए भाजपा भी अपनी चुनावी रणनीति को धार देने में जुट गई है। बताया जा रहा है कि पार्टी नेतृत्व उत्तराखंड में संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करने के साथ-साथ केंद्रीय नेतृत्व की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने की तैयारी कर रहा है। सूत्रों के मुताबिक, आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए एक दर्जन से अधिक केंद्रीय मंत्री विभिन्न जिलों का दौरा कर सकते हैं। इन दौरों के दौरान केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने तथा विपक्ष के आरोपों का जवाब देने की रणनीति पर काम किया जाएगा।