98 हफ्तों से बिना रुके चल रही अनोखी सेवा, हर सोमवार भर रहे जरूरतमंदों का पेट

सितारगंज। समाज सेवा की मिसाल पेश करते हुए बाबा बर्फानी सेवा समिति ने सोमवार को लगातार 98वें सप्ताह भी जरूरतमंद, असहाय और निर्धन लोगों के लिए निशुल्क भोजन सेवा का आयोजन किया। समिति की इस निरंतर पहल ने क्षेत्र में मानव सेवा का एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है। इस बार विशेष अवसर पर भोजन के साथ गुजिया का वितरण भी किया गया, जिससे जरूरतमंदों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

समिति की ओर से प्रत्येक सोमवार को खटीमा रोड स्थित श्री मोनी बाबा मंदिर परिसर में सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक “भूखे को अन्न, प्यासे को पानी” अभियान के तहत निशुल्क भोजन वितरित किया जाता है। यह सेवा अभियान 2 सितंबर से लगातार बिना किसी रुकावट के संचालित हो रहा है। समय के साथ इस अभियान को स्थानीय लोगों का व्यापक सहयोग मिलने लगा है और यह अब जनसेवा के एक मजबूत अभियान का रूप ले चुका है।

समिति के सक्रिय सदस्य संदीप गुप्ता ‘सोनू’ ने बताया कि संस्था का उद्देश्य केवल भोजन उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि समाज के जरूरतमंद वर्ग तक सेवा, सहयोग और मानवीय संवेदनाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि समाज के सहयोग से यह अभियान लगातार आगे बढ़ रहा है और भविष्य में भी इसे पूरी निष्ठा के साथ जारी रखा जाएगा।

उन्होंने नगरवासियों से भी इस पुनीत कार्य में सहभागिता की अपील करते हुए कहा कि छोटी-छोटी मदद भी किसी जरूरतमंद के जीवन में बड़ा बदलाव ला सकती है। समिति का मानना है कि समाज के सामूहिक सहयोग से ही ऐसे सेवा कार्य अधिक प्रभावी और व्यापक बनाए जा सकते हैं।

इस सेवा अभियान में अजय शर्मा, संदीप गुप्ता ‘सोनू’, एडवोकेट रवि सक्सेना, निशु जोशी, अमित सलूजा, अक्षत जायसवाल, विजय सक्सेना, सत्येंद्र चौहान, दीपेंद्र सिंघल, गिरधारी बिष्ट, नितिन अरोड़ा, अंकुर गुप्ता, धीरज गुप्ता सहित कई युवा सेवाभाव के साथ सक्रिय रूप से अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.